‘पढ़ाई छोड़ो, पर्दे में रहो…’, बरेली मे LLB छात्रा पर हलाला का दबाव, विरोध किया तो भाइयों ने पीटा

बरेली की एक LLB छात्रा ने अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि परिवार उस पर पढ़ाई छोड़ने, पर्दे में रहने और पूर्व पति से हलाला करने का दबाव बना रहा है. विरोध करने पर मारपीट की गई. छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.

LLB छात्रा पर बनाया हलाला-पढ़ाई छोड़ने का दबाव; FIR दर्ज Image Credit:

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एलएलबी की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने अपने ही भाइयों, भाभियों और रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्रा का आरोप है कि परिवार के लोग उस पर पढ़ाई छोड़ने और पर्दे में रहने का दबाव बना रहे हैं. आरोप है कि उसके पूर्व पति के साथ हलाला करने के लिए भी दबाव बनाया गया.

इतना ही नहीं, विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई. पीड़िता इज्जतनगर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है और एलएलबी की पढ़ाई कर रही है. इसके साथ ही वह प्रशिक्षु वकील के तौर पर प्रैक्टिस भी कर रही है. पीड़िता ने इज्जतनगर थाने में तहरीर देकर शिकायत की है. पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है.

लात-घूंसों से पीटने के साथ धमकाया भी गया

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 7 अगस्त को उसके भाई, भाभियां और रिश्ते के मामा समेत कुछ लोग उसके साथ विवाद करने लगे. आरोप है कि इसी दौरान उस पर पूर्व पति के साथ हलाला करने का दबाव बनाया गया. महिला ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उसका पूर्व पति से तलाक हो चुका है और वह इस तरह का कोई कदम नहीं उठाएगी.

महिला के मुताबिक उसके इनकार करने पर परिवार के लोग नाराज हो गए. आरोप है कि सभी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. लात-घूंसों से पीटने के साथ उसे धमकाया भी गया. पीड़िता का आरोप है कि परिवार के लोगों ने उससे कहा कि उनके परिवार की महिलाएं पर्दे में रहती हैं और उसे भी उसी तरह रहना होगा.

घर से बाहर निकालने का भी दबाव, FIR दर्ज

पीड़ित छात्रा का कहना है कि वह अपने करियर को आगे बढ़ाना चाहती है, लेकिन परिवार के कुछ लोग लगातार इसका विरोध कर रहे हैं. उसका एक छोटा भाई सऊदी अरब में रहकर मजदूरी करता है और अपनी मां के खर्च के लिए रुपये भेजता है. वहीं उसके दो अन्य भाई और उनकी पत्नियां उसे और उसकी मां को मकान से बाहर निकालने का दबाव बना रहे हैं.

इसी बात को लेकर उसके और उसकी मां के साथ पहले भी मारपीट की जा चुकी है. परिवार में विवाद बढ़ने के बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की. वहीं, एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. फिलहाल, घटना से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं.

Follow Us