लखनऊ: विदेश मंत्रालय के अफसर बनकर होटल में घुसे, स्टाफ को बनाया बंधक; 478 फर्जी ID के साथ दो गिरफ्तार

लखनऊ के एक होटल में दो युवकों ने खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर हड़कंप मचा दिया. स्टाफ को बंधक बनाकर तुर्कमेनिस्तानी महिला की तलाश कर रहे थे. पुलिस ने बाद में दोनों को गिरफ्तार किया. इनके पास से 478 फर्जी ID कार्ड बरामद हुए, पुलिस जांच में जुटी है.

फर्जी विदेश मंत्रालय अधिकारी गिरफ्तार, 478 नकली ID बरामद Image Credit:

राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विकासखंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो युवकों ने खुद को विदेश मंत्रालय का अधिकारी बताकर होटल में करीब एक घंटे तक हाईड्रामा किया. आरोप है कि दोनों ने होटल स्टाफ को बंधक बना लिया और वहां मौजूद अन्य लोगों को भी एक कमरे में कैद कर दिया.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों आरोपी फरार हो गए. पुलिस ने बाद में दबिश देकर दोनों आरोपियों अभिनव सिंह और शिवम चौहान को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से विदेश मंत्रालय के नाम पर बनाए गए 478 फर्जी ID कार्ड बरामद होने का दावा किया गया है.

तुर्कमेनिस्तान की महिला की तलाश में पहुंचे थे

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी एक तुर्कमेनिस्तान की महिला की तलाश में होटल पहुंचे थे. इसके लिए उन्होंने किराए पर एक कार ली थी और उस पर कथित तौर पर ‘विदेश मंत्रालय’ लिखवा रखा था. होटल पहुंचने के बाद दोनों ने खुद को मंत्रालय का अधिकारी बताते हुए स्टाफ पर रौब जमाया और कथित तौर पर उन्हें बंधक बना लिया.

आरोप है कि होटल में मौजूद अन्य ग्राहकों को भी एक कमरे में बंद कर दिया गया. करीब एक घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम से होटल में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम होटल पहुंची. लेकिन इससे दोनों आरोपी मौके से भाग निकले. इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की और दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

478 फर्जी ID कार्ड क्यों तैयार किए गए थे?

पुलिस की जांच में 478 फर्जी ID कार्ड मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी संख्या में फर्जी पहचान पत्र क्यों तैयार किए गए थे और इनका इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था. पुलिस अब इस पूरे मामले में जुड़े संभावित अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है.

जांच में एक तीसरे आरोपी की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है, जिसकी तलाश की जा रही है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का वास्तविक मकसद क्या था, तुर्कमेनिस्तान की महिला से उनका क्या संबंध था और विदेश मंत्रालय के नाम पर बनाए गए सैकड़ों फर्जी ID कार्ड का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया या किया जाना था.

Follow Us