बरेली में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप से सनसनी, SSP ने संभाला मोर्चा; गांव में फोर्स तैनात

बरेली के नवाबगंज में एक नाबालिग छात्रा के साथ गन्ने के खेत में दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़ित आठवीं की छात्रा है, वह खेत में बकरी चराने गई थी. मां की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. SSP अनुराग आर्य ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है.

बरेली: गन्ने के खेत में छात्रा से दुष्कर्म का आरोप Image Credit:

बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ गन्ने के खेत में दुष्कर्म की घटना से हड़कंप मचा है. छात्रा की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. वहीं, घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है.

पुलिस के अनुसार, पीड़ित आठवीं कक्षा की छात्रा है, वह खेतों में बकरी चराने गई थी. उसके साथ पड़ोस का एक लड़का भी मौजूद था. आरोप है कि इसी दौरान दूसरे गांव का रहने वाला विमलेश एक अन्य युवक के साथ वहां पहुंचा. छात्रा की मां का आरोप है कि दोनों युवक छात्रा को जबरन गन्ने के खेत में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया.

गांव में पुलिस बल तैनात, SSP ने संभाला मोर्चा

बताया गया कि छात्रा के साथ मौजूद पड़ोसी लड़के ने घटना की जानकारी परिवार और ग्रामीणों को दी. उस समय छात्रा की मां पास के खेत में घास काट रही थीं. सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचीं. आरोप है कि छात्रा की मां को आता देख दोनों युवक वहां से भाग निकले. इसके बाद पीड़ित छात्रा को मौके पर बदहवास हालत में पाया गया.

परिजन ने सुबह पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी. पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया. एसएसपी अनुराग आर्य ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला. इसके बाद गांव में भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया.

ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की

एसएसपी अनुराग आर्य ने नवाबगंज थाना प्रभारी को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. पुलिस को नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के साथ दूसरे आरोपी की पहचान कर उसे भी गिरफ्तार करने के लिए कहा गया है. एसएसपी अनुराग आर्य ने पीड़ित परिवार को जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

उन्होंने बताया कि पीड़ित छात्रा की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है. उसकी सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, एसएसपी के साथ एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा, सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की. फिलहाल पुलिस जांच जारी है.

Follow Us