तूफान में टीनशेड संग हवा में कई फीट ऊपर उड़े नन्हे मियां, टूटे हाथ-पैर, मंजर देख दहल जाएगा दिल
बरेली में आए तूफान से बारातघर की टीनशेड को बचाने की कोशिश कर रहे नन्हे मियां तेज बवंडर के साथ हवा में उड़ गए. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.हादसे में उनके हाथ-पैर टूट गए और शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं. आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
बरेली में बुधवार यानी 13 मई की दोपहर आए तेज चक्रवाती तूफान ने पूरे शहर और देहात में भारी तबाही मचा दी. अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-बारिश ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया. शहर के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली के पोल गिर पड़े और कई मकानों को नुकसान पहुंचा है. इस भीषण तूफान के बीच एक ऐसा हादसा हुआ जिसने हर किसी को दहला दिया. बारातघर की टीनशेड को बचाने की कोशिश कर रहे नन्हे मियां तेज बवंडर के साथ हवा में उड़ गए. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
टीनशेड संग कई फीट हवा में उछल गए नन्हें मियां
नन्हे मियां एक बारातघर में मौजूद थे. तभी अचानक तेज तूफान के साथ टीनशेड उखड़ने लगी. वहां, मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे, लेकिन नन्हे मियां टीनशेड को पकड़कर रोकने की कोशिश करने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हवा इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकेंड में पूरी टीनशेड उखड़ गई और नन्हे मियां भी उसके साथ हवा में कई फीट ऊपर उछल गए. आसपास मौजूद लोग यह मंजर देखकर चीख पड़े.
नन्हें मियां के हाथ-पैर टूटे
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि तेज हवा के बीच टीनशेड अचानक ऊपर उठती है. उसके साथ नन्हे मियां भी हवा में लटकते नजर आते हैं. कुछ दूरी पर जाकर वह नीचे गिरे. हादसे में उनके हाथ-पैर टूट गए और शरीर में कई गंभीर चोटें आई हैं. आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. लोग कह रहे हैं कि उन्होंने जिंदगी में ऐसा भयानक तूफान पहले कभी नहीं देखा.
यूपी में आंधी-पानी 89 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान ने भारी कहर मचाया है. राहत आयुक्त हृषिकेश भास्कर यशोद के मुताबिक 13 मई को खराब मौसम के कारण आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि तथा आकाशीय बिजली से प्रदेश में 89 जनहानि, 53 घायल, 114 पशुहानि तथा तथा 87 मकान क्षति की सूचना प्राप्त हुई है.
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि इसका संज्ञान सीएम योगी ने ले लिया है. मुख्यमंत्री द्वारा समस्त मण्डलायुक्तों तथा जिलाधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ इसका सत्यापन कराते हुए 24 घंटे के अंदर प्रभावित परिवारों को सहायता धनराशि वितरित करते हुए प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद स्थापित कर अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं .