बरेली-पीलीभीत बाईपास अब बनेगा सिक्सलेन, नाथ कॉरिडोर की थीम से चमकेंगे 3 बड़े चौराहे
बरेली-पीलीभीत बाईपास अब सिक्सलेन विकसित होगा, बीडीए ने इस चौड़ीकरण को मंजूरी दी है. इसके तहत नाथ कॉरिडोर थीम पर तीन प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा. करीब दो महीने पहले आठ लेन का टेंडर निरस्त होने के बाद नए सिरे से प्रस्ताव को तैयार किया गया है.
बरेली शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल पीलीभीत बाईपास को अब आठ लेन की जगह छह लेन का विकसित किया जाएगा. बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने छह लेन चौड़ीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. करीब दो महीने पहले तकनीकी कारणों से आठ लेन का टेंडर निरस्त होने के बाद प्राधिकरण ने नए सिरे से योजना तैयार की है.
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने अधिकारियों और तकनीकी टीम के साथ पीलीभीत बाईपास का निरीक्षण किया. इस दौरान विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, बनखंडी नाथ चौराहा और सौ फुटा तिराहे की स्थिति का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने सड़क की मौजूदा चौड़ाई, वाहनों के दबाव और जाम की समस्या वाले स्थानों की जानकारी जुटाई.
25 साल के ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखकर योजना
पीलीभीत बाईपास बरेली को पीलीभीत और उत्तराखंड की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों से जोड़ता है. इस मार्ग पर लगातार बढ़ रहे यातायात और आसपास हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए छह लेन की योजना तैयार की गई है. बीडीए के मुताबिक, सड़क की डिजाइन तैयार करते समय अगले 25 सालों में बढ़ने वाले ट्रैफिक दबाव को भी ध्यान में रखा गया है.
सड़क चौड़ी होने के बाद वाहनों की आवाजाही आसान होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है. इसके अलावा, बाईपास के आसपास बीडीए की आवासीय और व्यावसायिक योजनाएं भी आने वाले समय में विकसित होनी हैं. अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं.
नाथ कॉरिडोर की थीम पर सजेंगे तीन बड़े चौराहे
सड़क चौड़ीकरण के साथ बाईपास के तीन प्रमुख चौराहों को भी खास थीम पर विकसित करने की तैयारी है. इसे नाथ कॉरिडोर की थीम पर विकसित किया जाएगा. रोहिलखंड विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, बनखंडी नाथ चौराहा और सौ फुटा तिराहे पर पारंपरिक स्थापत्य कला, आकर्षक लाइटिंग और नाथ नगरी से जुड़े ढांचे लगाए जाएंगे.
इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर थीम आधारित फोकस वॉल और आइकॉनिक एलिमेंट्स बनाने का भी प्रस्ताव है. बीडीए का उद्देश्य है कि पीलीभीत बाईपास केवल एक चौड़ी सड़क न रहकर शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों में शामिल हो. इससे शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान की झलक दिखाई देगी.
सौ फुटा तिराहे पर बनेगी खास फोकस वॉल
परियोजना में सौ फुटा तिराहे को विशेष रूप से विकसित करने की तैयारी है. यहां एक बड़ी और आकर्षक फोकस वॉल बनाई जाएगी. इस पर नाथ कॉरिडोर की थीम के साथ बरेली विकास प्राधिकरण की प्रमुख विकास योजनाओं और आने वाले समय की परियोजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी.
बीडीए वीसी सौम्या पांडेय के मुताबिक, यह फोकस वॉल तिराहे की पहचान बनेगी. यहां से गुजरने वाले लोगों को बरेली में चल रहे विकास कार्यों और शहर के भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी मिल सकेगी. वहीं, सड़क के बेहतर होने से आसपास के आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को भी आने वाले समय में फायदा मिलने की उम्मीद है.
