मैं कुंवारा, तुम कुंवारी… शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से रेप, खुलासे पर हुआ तगड़ा एक्शन
बरेली पुलिस में यौन शोषण का मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा कांस्टेबल ने खुद को कुंवारा बताकर महिला सिपाही से संबंध बनाए और शादी का झांसा दिया. सच्चाई सामने आने पर महिला ने नींद की गोलियां खा लीं. एसएसपी ने शिकायत पर आरोपी कांस्टेबल अमित चौधरी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश के बरेली पुलिस में यौन शोषण का मामला सामने आया है. यहां एक शादीशुदा कांस्टेबल ने खुद को कुंवारा बताकर महिला सिपाही से दोस्ती की. फिर शादी के सुहाने सपने दिखाकर उनके साथ यौन संबंध बनाए. बाद में महिला सिपाही को सच्चाई पता चली तो उसने नींद की गोलियां खा ली. बाद में उसने एसएसपी ऑफिस में हाजिर होकर अपना दुखड़ा सुनाया. पीड़ित सिपाही की शिकायत पर एसएसपी ने आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है. उन्होंने मामले की विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं.
बरेली के शाही थाने में तैनात इस पुलिस कांस्टेबल के कारनामे इन दिनों सुर्खियों में हैं. आरोप है कि उसके साथ तैनात महिला सिपाही से आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर दोस्ती गांठी थी. बाद में शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप भी किया. इसी बीच महिला को कहीं से पता चल गया कि आरोपी शादीशुदा है. इस जानकारी पर वह गहरे सदमे में आ गई. यहां तक की नींद की गोलियां तक खा ली. इससे उसकी हालत खराब हो गई थी.
एसएसपी ने लिया एक्शन
इस घटना की जानकारी एसएसपी को हुई तो उन्होंने तुरंत जांच के आदेश दिए और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है. आरोपी कांस्टेबल की पहचान शाही थाने में तैनात सिपाही अमित चौधरी के रूप में हुई है. पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने खुद को कुंवारा बताया था. उसने शादी के सपने दिखाए थे, लेकिन हकीकत समाने आते ही वह खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगी.
तनाव में आ गई थी महिला
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद महिला सिपाही मानसिक तनाव में आ गई थी. उसके करीबियों के मुताबिक वह काफी परेशान रहने लगी और परेशान होकर उसने एक साथ नींद की कई गोलियां खा ली थीं. इससे हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के बाद अब उसकी हालत में सुधार है. इधर मामले की जानकारी एसएसपी बरेली को हुई तो उन्होंने तत्काल मामले की जांच कराई और फिर आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर पुलिस लाइन से अटैच कर दिया है.
