बरेली दंगा केस: मौलाना तौकीर को सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली राहत, जमानत याचिका खारिज
बरेली दंगा मामले में मौलाना तौकीर रजा को सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिली है. उनकी याचिका खारिज कर दी गई. इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी जमानत देने से इनकार किया था. दंगों की साजिश रचने और पुलिस पर हमले के आरोप में मौलाना जेल में हैं. सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से उनकी रिहाई की उम्मीदें अब पूरी तरह टूट गई हैं.
उत्तर प्रदेश के बरेली दंगों के सूत्रधार मौलाना तौकीर रजा को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली है. बारादरी थाने में दर्ज दंगा, पथराव और पुलिस पर हमले के मुकदमे में मौलाना तौकीर ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अर्जी खारिज कर दी है. इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने भी तौकीर को जमानत देने से इनकार कर दिया था. अब सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद तौकीर की जेल से रिहाई की उम्मीद टूट गई है.
बरेली में दंगे की साजिश रचने और दंगा कराने के आरोप में जेल काट रहे मौलाना तौकीर रजा ने बारादरी थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 1146/2025 में जमानत की मांग की थी. सुनवाई के दौरान बरेली पुलिस ने मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए जमानत का विरोध किया. कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिका खारिज कर दी. इसी के साथ साफ हो गया कि इस मुकदमे में मौलाना को अब कोई राहत नहीं मिलेगी.
दंगा कराने और पुलिस पर हमले का है आरोप
पुलिस के अनुसार यह मुकदमा बारादरी थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय की तहरीर पर दर्ज किया गया था. एफआईआर में मौलाना तौकीर रजा समेत 28 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. वहीं करीब 250 अज्ञात लोग भी इस मामले में आरोपी हैं, जिनकी पहचान और धरपकड़ की कार्रवाई अब तक जारी है. पुलिस का आरोप है कि 26 सितंबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग आजाद इंटर कॉलेज की ओर से श्यामगंज चौराहे पहुंचे. वहां से भीड़ इस्लामिया ग्राउंड की तरफ बढ़ने लगी. पुलिस ने रोका तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया और फायरिंग की.
12 मुकदमों में 100 आरोपी गिरफ्तार
दंगे के बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में कुल 12 मुकदमे दर्ज किए थे. पुलिस ने इन सभी मामलों में मौलाना तौकीर रजा को मुख्य आरोपी बनाया है. घटना वाले दिन यानी 26 सितंबर 2025 को ही पुलिस ने मौलाना को गिरफ्तार कर फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार भेज दिया था. उसी समय से मौलाना जेल में है. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 100 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है.
