मुस्कान के प्यार में बना इमरान, शादी भी कर ली; फिर ऐसा क्या हुआ कि गंवानी पड़ी जान?
बरेली का विनय मुस्लिम लड़की मुस्कान के प्यार में धर्म परिवर्तन कर इमरान बना. शादी के बाद दो बेटियां हुईं, लेकिन पत्नी को उसका काम पसंद नहीं था, जिससे झगड़े बढ़ने लगे. पत्नी के मायके जाने से व्यथित इमरान ने फांसी लगाकर जान दे दी. मौत से पहले उसने धर्म परिवर्तन को अपनी सबसे बड़ी भूल बताया. अब दोनों परिवार सदमे में हैं.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवक ने पत्नी के विरह में जान दे दी है. उसकी पत्नी हाल ही में झगड़ाकर मायके चली गई थी. इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं मामले की जांच में एक और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बरेली पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान इमरान के रूप में हुई है. हालांकि उसकी असली पहचान बारादरी थाना क्षेत्र में रहने वाले विनय के रूप में हुई है. विनय को एक मुस्लिम युवती मुस्कान से प्यार था, उसने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन युवती ने साफ कह दिया कि इसके लिए धर्मांतरण करना होगा. अपने प्यार की खातिर विनय ने 4 साल पहले धर्म परिवर्तन कर इमरान बन गया. फिर उसने मुस्कान से निकाह कर लिया था.
पत्नी को पसंद नहीं था उसका काम
इस धर्म परिवर्तन और निकाह से विनय के घर वाले नाराज हो गए और संबंध तोड़ लिया. ऐसे में निकाह के बाद इमरान बना विनय अपनी पत्नी के साथ कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया में किराए का घर लेकर रहने लगा. यहां उसे दो बेटियां भी हुईं. वह अपने परिवार के भरण पोषण के लिए दिन-रात ऑटो चलाता, खूब मेहनत करता, लेकिन उसकी पत्नी का उसका यह काम पसंद नहीं था ऐसे में बाद में इनके बीच झगड़े होने लगे.
पत्नी के विरह में लगाई फांसी
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को भी मुस्कान और इमरान में कहासुनी हुई. इस दौरान इनके बीच मारपीट भी हुई. ऐसे में सुबह होते ही मुस्कान अपना सामान उठाकर मायके चली गई. पत्नी के इस कदर घर छोड़कर जाने से इमरान सदमे में आ गया और फांसी लगाकर जान दे दी. इधर, देर रात जब मुस्कान ने उसे फोन किया तो फोन बंद मिला. आशंका होने पर वह घर लौटी तो पति को फंदे से लटकते पाया.
दोनों परिवारों में मचा कोहराम
इमरान बने विनय के सुसाइड से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. सुसाइड से पहले विनय ने अपनी मां को फोन किया था. कहा था कि धर्म परिवर्तन करना उसकी सबसे बड़ी भूल थी और वह सुसाइड कर इस भूल को सुधारना चाहता है. इसके बाद वह फंदे से लटक गया था. इस खबर से उसके घर में कोहराम मच गया. उधर, मुस्कान जब वापस लौटी तो उसे फंदे से लटके देखा और तुरंत अपने घर वालों को बताया. इससे उसके मायके में भी कोहराम मच गया.
