प्रयागराज-बांदा में तापमान @45°C, UP में हीटवेब का अलर्ट; जानें अपने शहर का मौसम
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. प्रयागराज और बांदा में तापमान 45°C तक पहुंच गया है, जिससे पूरे प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है. अप्रैल में अचानक हुई इस तापमान वृद्धि ने लोगों को परेशान कर दिया है, पंखे-कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दिनों में तापमान में और वृद्धि की आशंका जताई है, जिससे कई जिलों में लू चलने की चेतावनी है.
मौसम गजब रंग बदल रहा है. अप्रैल महीने में पहले आंधी चली, बारिश हुई, ओले भी गिरे. अब भीषण गर्मी शुरू हो गई है. बीते तीन दिनों में पूरे यूपी में तापमान बड़ी तेजी से बढ़ा है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अभी से मई-जून वाली गर्मी पड़ने लगी है. रही सही कसर तेज धूप, पछुआ हवा पूरी किए दे रही है. हालात ऐसे बनने लगे हैं कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर भी कम हो गया है. ऐसे हालात में ना तो दिन में चैन मिल रहा, और ना ही रात में ही सकून है.
घरों में पंखे कूलर अभी से बेअसर होने लगे हैं. ऊपर से वातावरण में नमी की वजह से उमस भी इस गर्मी के असर को और बढ़ा दे रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज सोमवार को लू चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक यूपी में अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली. बल्कि तापमान में और वृद्धि होने के आसार हैं.
लखनऊ में भी आसमान से बरसी आग
राजधानी लखनऊ में भी शनिवार को तापमान अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. यहां इस सीजन में पहली बार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं. वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. यही स्थिति नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद आदि शहरों में भी हो सकती है.
तपने लगा बुंदेलखंड
उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से सबसे खराब स्थिति बुंदेलखंड के जिलों में देखी जा रही है. यहां बांदा में रविवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक आज सोमवार को यहां भी तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा हो सकता है. यही हाल चित्रकूट, झांसी, कौशांबी, प्रतापगढ़ का भी रहेगा. इन जिलों में मौसम विभाग ने लू चलने की चेतावनी जारी की है.
पूर्वांचल में भी तापमान 40 पार
पूर्वांचल के जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. बलिया बनारस से लेकर भदोही, मिर्जापुर, जौनपुर, देवरिया और गोरखपुर में आज तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने के आसार हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों में आज भी गर्म हवा के थपेड़े चलने की आशंका जाहिर की है. पूर्वांचल में न्यूनतम तापमान लगतार 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. इसकी वजह से यहां ना तो दिन में चैन मिल रहा, और ना ही रात में सुकन मिल रहा है.
