बाराबंकी में गला घोंटा, लखनऊ में लिखाई गुमशुदगी; पिता ने बेटी को क्यों दी ऐसी खौफनाक सजा?

लखनऊ से लापता 16 वर्षीय लड़की की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. बाराबंकी में नहर में शव मिलने के बाद पुलिस ने पिता और दोस्त को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सामने आया कि पिता ने ही बेटी के प्रेम संबंधों से परेशान होकर उसका गला घोंट दिया था. हत्या के बाद उसने खुद लखनऊ में गुमशुदगी दर्ज कराई थी.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 14 अप्रैल को लापता हुई 16 साल की लड़की की हत्या के मामले में हैरतंगेज खुलासा हुआ है. इस लड़की का शव दो दिन पहले बाराबंकी की नहर में मिला था. लखनऊ पुलिस ने मामले की जांच करते हुए इस लड़की के पिता और उसके दोस्त को अरेस्ट किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासा किया, वह बाप-बेटी के रिश्ते को कलंकित कर देने वाला है. यह वारदात लखनऊ के चिनहट इलाके का है.

इस लड़की की गुमशुदगी खुद पिता ने ही दर्ज कराई थी. बताया था कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 14 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई थी. आरोपी पिता अपनी बेटी की तलाश के लिए पुलिस पर खूब दबाव भी बना रहा था. इसी दौरान बाराबंकी में एक किशोरी का लावारिश शव मिलने की सूचना आई. इस सूचना पर पुलिस आरोपी पिता को लेकर पहुंची और पहचान कराई. पता चला कि किशोरी की हत्या गला दबाकर की गई है. ऐसे में पुलिस ने गुमशुदगी के केस को हत्या की धाराओं में तरमीम किया और जांच नए सिरे से शुरू की.

खुद हत्यारा निकला पिता

डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम बनाकर मामले की जांच कराई. इस दौरान पुलिस टीम जांच करने किशोरी के घर पहुंची, तो पता चला कि पिता गायब है और उसका फोन भी बंद है. इससे पुलिस को शक हुआ और पुलिस ने पिता की कॉल डिटेल्स, जीपीएस लोकेशन निकलवाई. इसमें पता चला कि घटना के दिन आरोपी खुद बाराबंकी गया था. इस दौरान किशोरी का फोन भी साथ-साथ चल रहा था. इससे शक गहराया और पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इसमें पूरी वारदात का खुलासा हो गया.

इसलिए दी बेटी को दर्दनाक मौत

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बेटी के संबंध बाराबंकी में रहने वाले एक युवक से था. इसके लिए परिवार में काफी विवाद हुआ. उसने बेटी को समझाने की कोशिश भी की. तीन साल पहले युवक उसकी बेटी को लेकर भाग गया था. इस मामले में उसने मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में वह जेल गया, लेकिन जेल से छूटने के बाद फिर से वह बेटी के संपर्क में आ गया. इसकी वजह से काफी बेइज्जती हो रही थी. ऐसे में 14 अप्रैल को जब बेटी अपने प्रेमी से मिलने के लिए निकली तो वह भी अपने दोस्त के साथ उसका पीछा करते हुए बाराबंकी आ गया और यहां उसने बेटी की गला घोंट कर हत्या कर दी.

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने बेटी के शव को बाराबंकी के नहर में फेंक दिया. इसके बाद वापस लखनऊ लौटकर उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद थाने में आकर बेटी की गुमशुदगी दे दी. अपनी बात को प्रमाणित करने के लिए उसने आईजीआरएस पर भी शिकायत की थी. इससे पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी और तथ्यों के आधार पर मामले की जांच करते हुए रविवार को खुलासा कर दिया.

Follow Us