UP में चलती ट्रेन पर पथराव, यात्री के पैर में हुआ फ्रैक्चर; मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के बरेली में चलती ट्रेन पर पथराव से एक यात्री का पैर फ्रैक्चर हो गया. इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया और रेल सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं. जीआरपी व आरपीएफ अब आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं. ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है.
कश्मीर में भले ही पत्थरबाजी बंद हो गई, लेकिन उत्तर प्रदेश से गुजरने वाली ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं नहीं थम रहीं. उत्तर प्रदेश के बरेली में एक बार फिर चलती ट्रेन पर पथराव हुआ है. इसमें पत्थर लगने से एक यात्री बुरी तरह जख्मी हो गया है. आनन फानन में उसे बरेली सिटी स्टेशन पर उतारकर प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया है. इस वारदात के बाद हरकत में आई जीआरपी और आरपीएफ की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं.
यह वारदात बरेली में मकरंदपुर स्टेशन के पास की है. जानकारी के मुताबिक बरेली में किला थाना क्षेत्र के साहूकारा मोहल्ला में रहने वाले विकास श्रीवास्तव आज सुबह किसी काम से बदायूं गए थे. शाम वह ट्रेन से बरेली लौट रहे थे, इसी दौरान मकरंदपुर स्टेशन के पास पहुंचते ही अचानक ट्रेन पर पथराव शुरू हो गया. इस वारदात के समय वह ट्रेन से उतरने के लिए गेट पर आकर खड़े थे. ऐसे में एक पत्थर उनके पैरों पर लगा और वह ट्रेन में ही गिरकर तड़पने लगे.
यात्रियों में मचा हड़कंप
अचानक पथराव होने से ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. लोग खिड़कियों से दूर भागने लगे. इतने में ट्रेन की फर्श पर गिर कर तड़प रहे विकास श्रीवास्तव पर लोगों की नजर पड़ी तो उन्हें संभालते हुए पुलिस को सूचना दी. इसके बाद ट्रेन के बरेली सिटी स्टेशन पहुंचने पर विकास को उतारकर प्राथमिक उपचार दिया गया. फिर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक पत्थर की चोट की वजह से विकास के पैर में बड़ा फ्रैक्चर आया है.
बड़े हादसे की आशंका
रेल यात्रियों के मुताबिक आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. अराजक तत्व आए दिन किसी ना किसी ट्रेन पर पथराव करने लगते हैं. ऐसे हालात में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. खासतौर पर ट्रेन में गेट पर खड़े यात्रियों को अक्सर इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है. ऐसे हालात में किसी दिन बड़े हादसे की भी आशंका प्रबल हो गई है. उधर, जीआरपी के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है.
