पश्चिमी UP में भी बदला मौसम, इन 9 जिलों में कल होगी आफत की बारिश! देखें IMD का अलर्ट
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अब मौसम बदल गया है. IMD ने कल के लिए प्रदेश के 9 जिलों में भीषण बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज सहित इन जिलों में भारी से भी भारी बारिश की आशंका है. वहीं अन्य 20 से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. इसी प्रकार शेष जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
पूर्वांचल के जिलों में तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद बुधवार की शाम पश्चिमी यूपी में भी मौसम ने करवट लिया. शाम ढलने के साथ कई इलाकों में बादल छा गए और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. उधर, पूर्वांचल के जिलों में अभी भी बारिश का मौसम बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है. आशंका जताई है कि प्रदेश के नौ जिलों में आफत की बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा इनपुट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है. इसके चलते प्रदेश भर में 20 अगस्त को बारिश हो सकती है. वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही और महोबा आदि जिलों में भारी से भी भारी बारिश की आशंका है. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों और प्रशासन से अलर्ट रहने की अपील की है.
इन जिलों में मध्यम से भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, कन्नौज, हमीरपुर, ललितपुर, झांसी, जालौन, औरैया समेत 20 से अधिक जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. इन सभी जिलों में आईएमडी ने बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी अंदेशा है.
बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और झारखंड से होकर गुजर रही मानसूनी द्रोणिका की वजह से उत्तर प्रदेश के ऊपर नमी बनी हुई है. ये परिस्थिति प्रदेश भर में बारिश के लिए अनुकूल हैं.
