बरेली में LIU के रिटायर्ड दरोगा की पत्नी की हत्या, जिसे मानती थी मुंहबोला बेटा उसी ने ले ली जान
बरेली में शनिवार यानी 2 मई को LIU के रिटायर्ड दरोगा की पत्नी लापता हो गई थीं. काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चल सका था.अब पुलिस ने इस मामले पर बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक दरोगा की पत्नी की हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उनका मुंहबोला बेटा वरुण ही है.
बरेली में एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक रिटायर्ड एलआईयू दरोगा की पत्नी शारदा यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस मामले ने न सिर्फ इलाके को झकझोर दिया है, बल्कि भरोसे और रिश्तों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार का आरोप है कि जिस युवक को मुंह बोला बेटा माना, उसी ने विश्वासघात करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस जांच में भी सामने आया है कि संपत्ति के लिए यह हत्या की गई है.
सुभाषनगर के मढ़ीनाथ इलाके में रहने वाले गजराज सिंह एलआईयू से दरोगा पद से रिटायर हुए हैं. उनकी पत्नी शारदा यादव एक साधारण गृहणी थीं. रिश्तेदार रिंकू यादव के मुताबिक, बिहारीपुर निवासी वरुण पारासरी, जो नगर निगम में सविंदा कर्मी है, उसका घर में आना-जाना था. धीरे-धीरे वह परिवार के बेहद करीब आ गया. शारदा उसे अपने बेटे जैसा मानने लगी थीं.
बैंक में जेवर रखने निकली फिर नहीं लौटी शारदा
शनिवार यानी 02 मई दोपहर शारदा यादव घर से यह कहकर निकली थीं कि उन्हें बैंक में जेवर लॉकर में रखने हैं. लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं. जब देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार वालों ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद परिजन खुद ही तलाश में जुट गए.
वरुण की कार में बैठती दिखीं थी शारदा
सर्विलांस और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से पता चला कि शनिवार को सुबह 11:54 बजे वरुण ने शारदा को फोन किया था. इसके चार मिनट बाद, 11:58 बजे शारदा को मढ़ीनाथ इलाके में एक कार में बैठते हुए देखा गया. यह कार वरुण की ही थी. यहीं से शक गहराता चला गया.
वरुण ने अपना गुनाह किया कबूल
परिजनों ने पुलिस को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद सोमवार शाम पुलिस ने वरुण को हिरासत में ले लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर पीलीभीत के जहानाबाद इलाके के पास से शारदा का शव बरामद कर लिया गया. शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. वरुण नगर निगम में संविदा कर्मी है.
योजना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या अचानक नहीं की गई, बल्कि पूरी योजना के तहत अंजाम दी गई. वरुण पहले परिवार के करीब आया, उनका भरोसा जीता और फिर मौका देखकर शारदा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया.पुलिस ने आरोपी की कार भी बरामद कर ली है, जिसमें खून के निशान मिले हैं.
कार के अंदर रखे एक भारी औजार (पाना) पर भी खून लगा हुआ था. आशंका है कि इसी से शारदा के सिर पर वार कर उनकी हत्या की गई. वरुण हत्या कर शव को कार घूमता रहा . बाद में पीलीभीत के जहानाबाद में रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. मामले का खुलासा होने के बाग मृतक महिला के बेटे ने वरूण के लिए फांसी की सजा की मांग की.
हत्या करने के पीछे लालच हो सकती है एक वजह
परिवार का यह भी कहना है कि शारदा हमेशा गले में सोने की चेन और हाथों में अंगूठियां पहनती थीं, जिनका वजन करीब छह तोला बताया जा रहा है. ऐसे में शक जताया जा रहा है कि हत्या के पीछे लालच भी एक बड़ी वजह हो सकती है. घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी खुद मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.