‘हनुमान’ की रणनीति से मिली जीत… बृजभूषण शरण ने किसे दे दिया बंगाल फतह का क्रेडिट
भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बंगाल में पार्टी की जीत का श्रेय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया है. उन्हें भाजपा का 'हनुमान' बताते हुए उनकी चुनावी रणनीति की जमकर सराहना की. साथ ही, बृजभूषण ने 10 मई से नंदनी नगर में शुरू हो रही तीन दिवसीय ओपन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप की घोषणा भी की. इसमें 1300 पहलवान भाग लेंगे.
बंगाल में पहली बार बनने जा रही भाजपा की सरकार को लेकर पार्टी में खूब जश्न है. लोग प्रधानमंत्री को और खुद प्रधानमंत्री बंगाल की जनता को बधाई दे रहे हैं. इधर, बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस जीत का श्रेय किसी और को ही दे दिया. कहा कि यह जीत बीजेपी के हनुमान की वजह से मिली है. उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बीजेपी का हनुमान बताते हुए उनके चुनावी कौशल की सराहना की. उन्होंने इस विजय पर खुशी व्यक्त किया और इसके लिए अमित शाह की जमकर सराहना की.
बृजभूषण शरण सिंह ने 10 मई से नंदनी नगर स्टेडियम में शुरू हो रहे ओपन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप को लेकर प्रेस कांफ्रेंस बुलाई थी. प्रेस कांफ्रेंस की शुरूआत करते हुए उन्होंने भाजपा की बंगाल में विजय पर खुशी जताई और पार्टी आला कमान से लेकर आम कार्यकर्ताओं को बधाई दी. लेकिन इस जीत का पूरा श्रेय केंद्रीय मंत्री अमित शाह को दिया. कहा कि उन्होंने अमित शाह को भाजपा का ‘हनुमान’ बताते हुए कहा कि उनकी रणनीतिक कौशल की देन है कि आज बंगाल में भी कमल खिल गया है.
चैंपियनशिप में पहुंचेंगे 1300 पहलवान
नंदनी नगर स्टेडियम में 10 मई को शुरू हो रहे ओपन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इसकी सभी तैयारियां पूरी हो चुकी है. इस चैंपियनशिप में देशभर से करीब 1300 खिलाड़ी हिस्सा लेने वाले हैं. इनमें सर्वाधिक 800 खिलाड़ी अकेले हरियाणा से आ रहे हैं. पूर्व सांसद ने कहा कि देश भर में होने वाली कुश्ती प्रतियोगिताओं में हमेशा से हरियाणा के खिलाड़ी सबसे बेहतर प्रदर्शन करते रहे हैं. यही वजह है कि इन प्रतियोगिताओं में 70 प्रतिशत पदक हरियाणा की झोली में जाता है.
तीन साल बाद हो रहा आयोजन
बृजभूषण शरण सिंह के मुताबिक यह प्रतियोगिता तीन साल बाद आयोजित होने जा रही है. उनका उद्देश्य है कि इस प्रतियोगिता में खासतौर पर उन पहलवानों को मौका दिया जाए, जो चोट या किसी अन्य कारणों से पिछली प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाए थे. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य आयोजन नहीं है. बल्कि यह आयोजन भविष्य में भारतीय कुश्ती को एक नई दिशा देने का काम करेगा.