‘अब सारी हमारी महिलाएं बहन हैं’, छेड़खानी करने वाले मनचलों को पुलिस ने सिखाया सबक, कान पकड़ मांगने लगे माफी
सोनहा थाना क्षेत्र के भानपुर कस्बे के पास उजेर अहमद और तबरेज़ नाम के दो मनचले युवकों ने राह चलती एक किशोरी का रास्ता रोक लिया. दोनों युवक युवती पर अभद्र फब्तियां कसने लगे और जबरन उसका मोबाइल नंबर मांगने लगे. अब बस्ती पुलिस ने इन मजनूओं को ऐसा सबक सिखाया है कि, ये कान पकड़ कर माफी मांगने लगे हैं.
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर दावों के बीच बस्ती जनपद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मनचलों को कड़ा संदेश दिया है. सोनहा थाना क्षेत्र के भानपुर कस्बे के पास राह चलती एक किशोरी से छेड़खानी करना दो युवकों को भारी पड़ गया. पीड़िता की सूझबूझ और बस्ती पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते. कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपी न सिर्फ सलाखों के पीछे पहुंच गए, बल्कि थाने में कान पकड़कर माफी मांगते भी नजर आए. पहले छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ था और अब योगी की पुलिस की सख्ती के बाद माफीनामा का वीडियो वायरल हो रहा है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनहा थाना क्षेत्र के भानपुर कस्बे के पास उजेर अहमद और तबरेज़ नाम के दो मनचले युवकों ने राह चलती एक किशोरी का रास्ता रोक लिया. दोनों युवक युवती पर अभद्र फब्तियां कसने लगे और जबरन उसका मोबाइल नंबर मांगने लगे. जब युवती ने विरोध किया, तो उन्होंने मजनूगिरी दिखाते हुए छेड़खानी शुरू कर दी.
आमतौर पर ऐसी घटनाओं से युवतियां सहम जाती हैं, लेकिन इस पीड़िता ने गजब का साहस दिखाया. उसने हिम्मत न हारते हुए मौके पर ही मनचलों की करतूत का वीडियो बना लिया. इसके बाद युवती ने बिना वक्त गंवाए उस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्विटर’ (X) पर अपलोड करते हुए सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस को टैग कर न्याय की गुहार लगा दी. पीड़ित युवती ने पुलिस को टैग करते हुए लिखा कि ऐसे ही लड़की की वजह से ढाई साल की बच्चियों से रेप होता है और वे सेफ़ नहीं है.
मुख्यमंत्री कार्यालय और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आते ही बस्ती पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोनहा थाना प्रभारी महेश सिंह ने तुरंत पुलिस टीम गठित की. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की शिनाख्त उजेर अहमद और तबरेज़ के रूप में हुई. पुलिस ने बिना देरी किए दबिश दी और वारदात के चंद घंटों के भीतर ही दोनों आरोपियों को धर दबोचा.
सड़क पर राह चलती लड़की को डराने-धमकाने वाले उजेर और तबरेज़ की हेकड़ी पुलिस कस्टडी में आते ही गायब हो गई. थाने की हवालात के सामने खड़े होकर दोनों मनचले कान पकड़कर उठक-बैठक करते और माफी मांगते नजर आए. कुछ देर पहले तक लड़की का नंबर मांग रहे आरोपी कैमरे के सामने हाथ जोड़कर कहने लगे, “हमसे बहुत बड़ी गलती हो गई, हमें माफ कर दो बहना. अब देश की सारी महिलाएं हमारी बहन हैं, हम ऐसी गलती दोबारा कभी नहीं करेंगे.”
सोनहा थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. पीड़ित युवती की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों (उजेर अहमद और तबरेज़) को गिरफ्तार कर लिया गया है. वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों मजनुओं को जेल भेज दिया गया है.