बहन के लव मैरिज पर भड़क उठे भाई, जीजा को पकड़कर बेरहमी से पीटा, फिर ट्रेन के आगे फेंका
बिजनौर में बहन के लव मैरिज से नाराज भाइयों ने पहले अपने जीजा को पकड़कर बेरहमी से पीटा. फिर उसे घसीटते हुए पास के महमूदपुर रेलवे ट्रैक पर ले गए और ट्रेन के आगे फेंक दिया. ट्रेन की चपेट में आने से गुलशन के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां ‘ऑनर किलिंग’ के चलते एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को ग्रहण लग गया. अपनी बहन के प्रेम विवाह से नाराज भाइयों ने अपने ही जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपियों ने युवक को चलती ट्रेन के आगे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक युवक की पहचान 24 वर्षीय गुलशन के रूप में हुई है, जो स्योहारा के ग्राम जुझैला का निवासी था. जानकारी के मुताबिक, गुलशन का गांव रहटौली की एक युवती के साथ पिछले तीन-चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों अलग-अलग जाति से ताल्लुक रखते थे.
15 दिन पहले युवक-युवती ने कर ली कोर्ट मैरिज
युवक दलित बिरादरी और युवती सैनी बिरादरी की होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे.तमाम विरोधों के बावजूद, गुलशन और युवती ने पंद्रह दिन पहले ही में कोर्ट मैरिज कर ली थी. शादी के बाद युवती अपने मायके में ही रह रही थी, लेकिन जब उसके भाइयों को इस विवाह की भनक लगी, तो वे प्रतिशोध की आग में जल उठे.
पुलिस जांच के अनुसार, 30 अप्रैल की रात को गुलशन अपनी पत्नी से मिलने उसके गांव पहुंचा था. इसी दौरान युवती के भाइयों अतर सिंह और पंकज ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते में ही दबोच लिया. पहले गुलशन की बेरहमी से पिटाई की गई. फिर उसे घसीटते हुए पास के महमूदपुर रेलवे ट्रैक पर ले जाया गया.
आरोपियों ने युवक को ट्रेन के आगे दे दिया धक्का
आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए गुलशन को सामने से आ रही देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस के आगे धक्का दे दिया. ट्रेन की चपेट में आने से गुलशन के शरीर के चीथड़े उड़ गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी से शव को रेलवे लाइन पर ही छोड़ दिया, ताकि यह एक सामान्य रेल दुर्घटना या आत्महत्या का मामला लगे.
युवक के पिता ने पुलिस को दी थी शिकायत
हालांकि, गुलशन के पिता नृपेन्द्र सिंह और आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी से जुडे लोगों ने खूब हंगामा करते हुए गुलशन की हत्या की आशंका जतायी. इसको लेकर स्योहारा पुलिस थानो को तहरीर दी गई. अब पुलिस जांच में मामला परत-दर-परत खुलता चला गया.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एस पी पूर्वी ए के श्रीवास्तव ने तत्काल टीमें गठित कीं. प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी अतर सिंह और उसके दो साथियों राहुल सैनी, रजनीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
