अपहरण केस में दबिश देने हरियाणा गए थे जालौन के 4 पुलिस वाले, सड़क हादसे में सभी की मौत
जालौन में एक अपहरण केस में दबिश देने गए 4 पुलिस वालों समेत 5 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई. मृतकों में कोतवाली उरई, जालौन के दो दरोगा सत्यभान सिंह और मोहित कुमार यादव तथा सर्विलांस सेल के दो सिपाही प्रदीप कुमार और अशोक कुमार शामिल हैं. पांचवे मृतक की पहचान अपहरण मामले के शिकायतकर्ता अमरीक सिंह के तौर पर हुई है.
अपहरण के एक मामले में अपहृत व्यक्ति की तलाश और बरामदगी के लिए गई उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम का हरियाणा के नूंह जिले में भीषण सड़क दुर्घटना में हादसा हो गया. इस हादसे में 2 दरोगा, 2 सिपाही समेत 5 लोगों की मौत हो गई. सभी पुलिसकर्मी उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के मुख्यालय उरई में तैनात थे.
मृतकों में कोतवाली उरई, जालौन के दो दरोगा सत्यभान सिंह और मोहित कुमार यादव तथा सर्विलांस सेल के दो सिपाही प्रदीप कुमार और अशोक कुमार शामिल हैं. पांचवे मृतक की पहचान अपहरण मामले के शिकायतकर्ता अमरीक सिंह के तौर पर हुई है.
अपहरण के केस में दबिश देने हरियाणा गई थी पुलिस टीम
अमरीक सिंह ने जालौन के कोतवाली उरई थाने में हरियाणा के जींद के रहने वाले एक शख्स के अपहरण का मामला दर्ज कराया था. इसके लिए पुलिस की एक टीम बनाई गई थी, जो बिजेंद्र सिंह की बरामदगी के लिए हरियाणा रवाना हुई थी. आज सुबह करीब 10 बजे यह टीम हरियाणा के नूंह जिले के तावरू सदर थाना क्षेत्र में पहुंची ही थी कि उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया.
मृतक के परिवार वालों दी गई हादसे की सूचना
जालौन के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई. नूंह पुलिस ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है. हम भी अपनी तरफ से आगे विधिक कार्रवाई कर रहे हैं. हमने अपहरण केस की जांच के साथ ही हादसे की भी अलग से जांच शुरू कर दी है.
तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यूपी पुलिस की एक काली स्कॉर्पियो पलवल की ओर जा रही थी. ड्राइवर ने सामने जा रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की. लेकिन रफ्तार ज्यादा होने से वह गाड़ी पर अपना संतुलन खो बैठा. सामने की वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. सूचना मिलने पर जब तक पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा, तब तक गाड़ी में सवार सभी लोग दम तोड़ चुके थे.
हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे
हादसे के दौरान स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए थे. पांचों शव गाड़ी के मलबे के अंदर बुरी तरह से फंसे थे. पुलिस और बचाव दलों को उन शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. उधर घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.
.
