फिल्म ‘स्पेशल-26’ जैसी ठगी, होटल में मारी रेड; कैसे पकड़ा गया पत्नी-पत्नी का गिरोह?
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में फिल्म 'स्पेशल-26' स्टाइल में होटलों को निशाना बनाने वाला एक पति-पत्नी गिरोह पकड़ा गया है. ये खुद को अधिकारी बताकर छापेमारी का नाटक करते और सीलिंग की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे. नजीबाबाद के एक होटल में जालसाजी करते हुए पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार किया. इस घटना से होटल कारोबारियों में भारी आक्रोश है.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पत्नी-पत्नी का एक गिरोह पकड़ा गया है. इस गिरोह के बदमाश होटलों में छापेमारी का नाटक करते थे. इस दौरान खुद को अधिकारी बताकर होटल मालिकों को सीलिंग की धमकी देकर मोटी रकम वसूल करते थे. नजीबाबाद स्थित एक होटल में छापेमारी करने पहुंचे इन जालसाजों को अब पुलिस ने धर दबोचा है. पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने खुद को “राष्ट्रीय हिंदू एकता संघ भारत” का पदाधिकारी बताया है.
आरोपियों की पहचान गैंग लीडर जगजीत और उसकी पत्नी प्रियंका के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर नजीबाबाद के राजन होटल में पांच लोग घुसे और खुद को प्रशासनिक अधिकारी बताकर पूछताछ शुरू कर दी. होटल में तलाशी और स्टाफ की चेकिंग करने लगे. चूंकि इनके पास इस संबंध में न तो कोई आदेश था और ना ही पुलिस बल. इससे होटल स्टॉफ को शक हो गया. यह देखकर होटल स्टॉफ ने पुलिस को सूचना दे दी.
बिजनौर के ही रहने वाले हैं आरोपी
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इन आरोपियों को दबोच लिया है. नजीबाबाद के सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी के मुताबिक सभी आरोपी बिजनौर के लख्खीवाला गांव के ही रहने वाले हैं. आरोपियों ने जिले में अवैध उगाही गैंग चला रखा था. पहले भी इस गैंग ने कई होटलों में इसी प्रकार छापेमारी का नाटक कर मोटी रकम वसूल की है. ऐसे में पुलिस पता करने की कोशिश कर रही है कि अब तक इस गिरोह ने कितने होटलों से वसूली की है. फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
कारोबारियों में आक्रोश
इस घटना के बाद बिजनौर के होटल कारोबारियों और स्थानीय व्यापारियों में गहरा आक्रोश है. व्यापारियों का आरोप है कि जिले में पिछले कुछ दिनों से यह गैंग सक्रिय था. ये लोग लगातार अलग-अलग होटलों पर अवैध रूप से दबाव बनाकर चेकिंग के नाम पर डरा-धमका रहे थे. होटल संचालकों ने प्रशासन से इन फर्जी तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. होटल व्यवसायियों ने आरोप लगाया कि यह गैंग होटल सील कराने की धमकी दे कर लाखों रूपये की वसूली कर चुके है.
