पति-पत्नी के झगड़े में बच्चों को ना लाएं… शादी, बेवफाई, अब ADM ज्योति के लिए इमोशनल हुए आलोक मौर्य
आलोक मौर्य ने एक भावुक इंटरव्यू में कहा कि वे ज्योति मौर्या से आज भी प्यार करते हैं और रिश्ते बचाने को प्राथमिकता देते हैं. उन्होंने दंपतियों को सलाह दी कि बच्चों को माता-पिता के झगड़ों से दूर रखें ताकि उन्हें दोनों का प्यार मिल सके. मौर्य ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को पारिवारिक विवादों का मूल कारण बताया और पुरुषों के लिए महिला आयोग की तर्ज पर 'पुरुष आयोग' बनाने की जोरदार वकालत की.
बरेली में एसडीएम रहीं ज्योति मौर्या के पति आलोक मौर्य एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उनकी चर्चा एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू की वजह से हो रही है. इस समय आलोक मौर्या और ज्योति मौर्या का विवाद प्रयागराज के परिवार न्यायालय में लंबित है. बावजूद इसके आलोक मौर्या इस इंटरव्यू में दावा कर रहे हैं कि जीवन की आखिरी सांस तक वह ज्योति मौर्या से प्यार करते रहेंगे. हालांकि इस दौरान उनके चेहरे पर ज्योति मौर्या के साथ हुए विवाद और अलगाव की स्थिति के कारण दर्द भी उभर आता है.
आलोक मौर्य ने कहा कि परिवार में अहंकार तो होना ही नहीं चाहिए. यदि कोई विवाद हो जाए तो रिश्ते को बचाने की बात करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आज लोग सोशल मीडिया में इतने बिजी है कि परिवार के लिए समय ही नहीं मिलता. ऐसे में दंपत्ति के बीच विवाद की मूल वजह ही मोबाइल है. इसी के साथ उन्होंने माता-पिता के झगड़े में बच्चों को लाने का विरोध किया. कहा कि बच्चों को माता-पिता दोनों का ही प्यार मिलना चाहिए. इसी क्रम में उन्होंने महिला आयोग की तर्ज पर पुरुष आयोग की जरूरत बताई.
महिला आयोग की तरह बने पुरुष आयोग
कहा कि उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा है. कहा कि महिलाओं को अपनी बात कहने के लिए मायका है, पुलिस-कोर्ट और महिला आयोग जैसे प्लेटफर्मा हैं. पुरुषों के लिए क्या है? उनकी तो सुनवाई तक नहीं होती. उन्हें अपनी बात कहने का कोई प्लेटफॉर्म नहीं है. पारिवारिक विवादों की वजह से ही दिल्ली के न्यायाधीश या प्रतापगढ़ के पीसीएस अधिकारी जैसे उच्च पदों पर बैठे लोग भी अवसाद में चले जाते हैं और गलत कदम उठा लेते हैं. यदि पुरुष आयोग हो तो पुरुषों को भी अपनी बात कहने का एक प्लेटफार्म मिल जाएगा.
पत्नी को लेकर भावुक हुए आलोक
अपने इंटरव्यू में पत्नी ज्योति मौर्या को लेकर आलोक मौर्य भावुक हो गए. कहा कि जब इंसान सच्चा प्यार करता है, उसे कभी भूल नहीं पाता. आलोक मौर्या के मुताबिक 14 साल का साथ रहा है, बच्चे हैं, कैसे वह भूल सकते हैं. दिन भर के थके हारे, जब वह घर में बिस्तर पर जाते हैं तो उन्हें हर रात वो खूबसूरत पल याद आते हैं. आलोक मौर्या ने कहा कि ज्योति से वह आज भी उतना ही प्यार करते हैं और अंतिम सांस तक करते रहेंगे.
बताई स्ट्रगल की कहानी
आलोक मौर्या ने कहा कि वह पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मी हैं. शादी के बाद पत्नी ज्योति मौर्या ने पढने की इच्छा जताई. उन्होंने भी पत्नी के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दी. उन्होंने बिना देरी किए पत्नी को आगे की पढ़ाई के लिए प्रयागराज भेज दिया. उनके वह खूबसूरत दिन थे. इसी बीच पत्नी का सलेक्शन हुआ तो उन्हें बहुत खुशी हुई, लेकिन फिर जो हालात बने, उसकी खबर सबको हो गई. आलोक मौर्य ने राजनीति में आने के भी संकेत दिए. कहा कि अगर उन्हें कोई अच्छा और मजबूत प्लेटफॉर्म मिलता है तो वह राजनीति में भी आ सकते हैं.
