‘हॉय बेबी! मिलने का मन है…’, 69 साल की उम्र में ढूंढ रहा था सच्ची मोहब्बत, मगर इस गलती से पड़ गए लेने के देने
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 69 वर्षीय बुजुर्ग को डेटिंग ऐप पर सच्ची मोहब्बत ढूंढना महंगा पड़ा. हनीट्रैप का शिकार होकर उन्हें एक सुनसान जगह पर बुलाया गया, जहां मारपीट कर उनके पास से नकदी और सामान लूट लिया गया. यही नहीं, पीड़ित के फोन पे से भी ₹65,000 ट्रांसफर करवाए गए. पीड़ित के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है.
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां डेटिंग ऐप पर सच्ची मोहब्बत की तलाश कर रहे एक 69 साल के बुजुर्ग को हनीट्रैप में फंसाकर लूट की वारदात हुई है. मामला 17 अप्रैल का है. जानकारी होने पर पीड़ित बुजुर्ग के बेटे ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी. वहीं इस शिकायत पर हरकत में आई बिजनौर पुलिस ने चार आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले एक 69 वर्षीय बुजुर्ग विरेन्द्र भटनागर को बुढापे में एक ऐसे साथी की तलाश थी, जो उनका अकेलापन मिटा सके. इसके लिए उन्होंने डेटिंग ऐप का सहारा लिया. इस ऐप पर एक बेबी नामक आईडी पर उनकी किसी लड़की से बात होने लगी. इस लड़की ने बुजुर्ग को दो तीन और लड़कियों से भी बात कराया. फिर साजिश के तहत मिलने के बहाने पीड़ित को एक स्थान पर बुलाया.
सूनसान फार्म में हुई लूटपाट
बेबी नामक आईडी से मिले आमंत्रण पर यह बुजुर्ग 17 अप्रैल 2026 को पहुंचे तो उन्हें एक युवक मोनिश मिला. वह उन्हें बाइक पर बैठाकर सूनसान फार्म में ले गया. जहां पहले से समीर, आकिल, अनस, फरहान और फरदीन आदि बैठे हुए थे. इन लोगों ने पीड़ित को घेरकर मारपीट की और उनके पास से अंगूठी, चेन और फोन आदि छीन लिया. यही नहीं आरोपियों ने पीड़ित के फोन पे से 65 हजार रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर भी कर लिए.
बेटे ने दी पुलिस में शिकायत
घटना की जानकारी पीड़ित के बेटे विशाल को अगले दिन हुई. इसके बाद तो पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया. इसके बाद विशाल ने तत्काल पुलिस में शिकायत दी. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. इसी क्रम में पुलिस ने चार आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों के पास से एक अंगूठी, एक चेन और करीब 42,380 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी समीर ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि इस तरह की वारदात प्लान बनाकर अंजाम दिया जाता है.
