‘रोज दोस्तों के सामने परोस देता है पति…’, पुलिस को महिला ने सुनाया ऐसा दर्द, सिहर उठे कानपुर CP

कानपुर में एक महिला ने पति पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने पुलिस कमिश्नर को बताया कि उसका पति उसे दोस्तों और रसूखदारों के सामने शारीरिक शोषण के लिए मजबूर करता था, और विरोध करने पर बेरहमी से पीटता है. हाल ही में गैंगरेप के बाद महिला ने न्याय की गुहार लगाई, जिस पर सीपी ने तत्काल जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कानपुर पुलिस कमिश्नर के दफ्तर पहुंची एक महिला ने अपने पति के खिलाफ घिनौने आरोप लगाए हैं. बताया कि उसने बताया कि लव मैरिज किया था. उम्मीद थी कि जिंदगी बड़े प्यार से बीतेगी, लेकिन शादी के कुछ दिन बाद ही उसके पति ने अपने दोस्तों के सामने परोसना शुरू कर दिया. वहीं, जब भी उसने विरोध की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की. पीड़िता के आरोप सुन पुलिस कमिश्नर भी सिहर उठे. उन्होंने तुरंत मामले की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं.

यह मामला ना केवल वैवाहिक रिश्तों की पवित्रता पर दाग लगाने वाला है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर देने वाला है. पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर को जब अपना दर्द सुनाया तो उसके आंखों से आसुंओं की धार बह चली. महिला ने बताया कि आरोपी पति ने पहले दोस्तों के सामने परोसा, फिर रसूखदार लोगों से भी उसका शारीरिक शोषण कराया है. वह अपनी मासूम बेटी का मुंह देखकर अब तक चुप रही, लेकिन अब मामला उसके बर्दाश्त के बाहर हो गया है.

नरक हो गई जिंदगी

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति ने ही उसकी जिंदगी नरक कर दी. लंबे समय तक प्रेम प्रसंग के बाद उसने शादी की थी. शादी के कुछ दिन बाद तक तो सबकुछ ठीक था, लेकिन बाद में पति का असली चेहरा उसके सामने आ गया. इसके बाद आरोपी अपने दोस्तों और रसूखदार लोगों से संबंध बनाने के लिए उसे मजबूर करने लगा. उसने कई बार विरोध की भी कोशिश की, लेकिन मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देकर उसने मुंह बंद करा दिया.

पिछले हफ्ते हुआ गैंगरेप

पीड़िता ने बताया कि बेटी का मुंह देखकर वह जिल्लत भरी जिंदगी जीने को मजबूर थी, लेकिन 13 अप्रैल 2026 की रात तो आरोपियों ने दरिंदगी की हदें पार कर दी. उस रात आरोपी पति अपने दोस्तों के साथ घर में बैठकर शराब पीया और फिर सभी लोगों ने मिलकर उसके साथ गैंगरेप किया. इस घटना से वह बुरी तरह टूट चुकी है. पीड़िता ने बताया कि उसके फोन में पति की सारी काली करतूतों की वीडियो और तस्वीरें कैद हैं, लेकिन आरोपी ने उसे लॉककर दिया है. पीड़िता ने पुलिस से अपने फोन का लॉक खुलवाकर जांच कराने की मांग की है.

Follow Us