लखनऊ में अपना घर! सिर्फ 9.82 लाख में पूरा होगा सपना, अटल नगर योजना में रजिस्ट्रेशन शुरू
लखनऊ में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए खुशखबरी! अटल नगर योजना में एक बार फिर रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. LDA की इस किफायती आवासीय योजना में महज 9.82 लाख रुपये में 1BHK और 2BHK फ्लैट्स उपलब्ध हैं. पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिसके बाद पारदर्शी लॉटरी से फ्लैट्स का आवंटन होगा.
यदि आप भी लखनऊ में अपने घर का सपना देख रहे हैं, तो यह आपके काम की खबर है. लखनऊ के अटल नगर योजना में एक बार फिर से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. इस योजना में 630 फ्लैट्स की बिक्री होनी है. इसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दो दिन पहले ही आदेश जारी कर दिया था. वहीं शनिवार को पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू भी हो गई. इन दो दिनों में बड़ी संख्या में लोगों ने घर खरीदने की इच्छा जताई है.
एलडीए के इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में महज 9.82 लाख रुपये में ही अपने घर का सपना पूरा हो सकता है. इस योजना में वन BHK के 539 एवं 2 BHK के 91 फ्लैट्स का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है. एक महीने तक चलने वाली यह रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन रखी गई है. इसके लिए इच्छुक लोग एलडीए की वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं. वहीं रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी निकालकर फ्लैट्स का आवंटन किया जाएगा.
15 टावरों में हैं 2,496 फ्लैट्स
LDA वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक लखनऊ के देवपुर पारा में लांच हुई अटल नगर आवासीय योजना के कुल 15 टॉवर में 2496 फ्लैट्स हैं. ये सभी फ्लैट्स 12वीं से 19वीं मंजिल पर हैं. इनमें 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के छोटे फ्लैट्स भी हैं. इनकी कीमत लगभग 9.82 लाख रुपए से शुरू होती है. इस योजना के लिए पहली भी लॉटरी निकाली गई थी, लेकिन इनमें से 630 फ्लैट बच गए थे. अब इन फ्लैट्स के लिए नए सिरे से रजिस्टेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है.
रिफंडेबल है सिक्योरिटी मनी
एलडीए के अधिकारियों के मुताबिक इस योजना में मूलभूत सुविधाओं का खास ख्याल रखा गया है. यहां स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति की बेहतर सुविधा तो है ही, सभी टॉवर में लिफ्ट, पॉवर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीनरी एवं किड्स प्ले एरिया के अलावा पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है. इस योजना में वन BHK के रजिट्रशन के लिए 55,658 रुपए टोकन मनी रखी गई है. वहीं 2 BHK का रजिस्ट्रेशन 1,00,852 रुपए में होगा. यह टोकन मनी रिफंडेबल है. यदि लॉटरी में नाम नहीं आया तो यह पैसा वापस हो जाएगा.
