खुद के लिए 12 लाख की कार, मेरे लिए मेकअप किट भी नहीं… स्टेज पर भड़की दुल्हन, तोड़ दी शादी

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दुल्हन ने शादी के जोड़े में मेकअप किट न होने पर अपना निकाह तोड़ दिया. दुल्हन इस बात पर भड़क गई कि दूल्हे ने खुद के लिए 12 लाख की कार ली, पर उसे मेकअप किट तक नहीं दी. इस विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जिसके चलते दोनों पक्षों में मारपीट हुई, 10 से अधिक लोग घायल हुए और दूल्हे की नई कार क्षतिग्रस्त हो गई. आखिर में बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक निकाह समारोह के दौरान दूल्हे की ओर से लाए गए शादी के जोड़े में मेकअप किट नहीं था. इतनी सी बात दुलहन को इस कदर नागवार गुजरी कि उसने निकाह के स्टेज पर ही बवाल कर दिया. उसने शादी से इनकार करते हुए बोल दिया कि इससे कौन शादी करेगा. देखते ही यह बवाल इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट और तोड़फोड़ शुरू हो गई. इस घटना में 10 से अधिक लोग घायल हो गए. वहीं दूल्हे की नई नवेली कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.

मामला बिजनौर के नहटौर कस्बा स्थित एक बैंकट हॉल का है. यहां बुधवार की रात बिजनौर के नूरपुर कस्बे के मोहल्ला इस्लाम नगर में रहने वाले उस्मान के बेटे शुऐब उर्फ बब्बू की बारात आई थी. बब्बू की शादी नसीबपुर जसमौरा की रहने वाली युवती के साथ तय हुई थी. युवक और युवती आपस में फुफेरे ममेरे भाई बहन है. बारात पहुंचने पर दुल्हन पक्ष ने जमकर खातिरदारी की. बारातियों को चिकन, मटन बिरयानी से लेकर चमचम, रसमलाई, और लजीज पकवान परोसे गए.

निकाह की रस्म के दौरान हुआ बवाल

इस शादी को लेकर बाराती और घराती सब खुश थे और जश्न के माहौल में निकाह की रश्म की तैयारियां शुरू हुईं. इसी दौरान दूल्हे की ओर से शादी का जोड़ा दुल्हन को भेजा गया. इसे देखते ही दुल्हन भड़क गई. कहा कि ऐसे दूल्हे से कौन शादी करेगा. उसने खुद के लिए तो 12 लाख की कार खरीद ली और दुल्हन के लिए मेकअप किट भी नहीं दिया. यह कहते हुए दुल्हन ने निकाह से ही मना कर दिया. दुल्हन का फैसला सुनते ही मौके पर सन्नाटा पसर गया.

मिन्नतें करता रह गया दूल्हा

दुल्हन के तेवर देखकर हर कोई हैरान था. खुद दूल्हा भी मिन्नतें करता दिखा. कहा कि मेकअप किट कौन सी बड़ी चीज है. वह तो कभी भी खरीदी जा सकती है. दूल्हे ने कहा कि इसी शादी के लिए वह 12 लाख की कार खरीद कर लाया था. बावजूद इसके दुल्हन के तेवर नरम नहीं हुए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी. इस दौरान दुल्हन पक्ष की ओर से हुए पथराव में दूल्हे की नई गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई.

बिन दुल्हन के लौटी बारात

मामला बिगड़ते देख मौलवियों ने मोर्चा संभाला. दोनों पक्षों को समझाने की खूब कोशिश की, बावजूद इसके बात नहीं बनी. समारोह में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इस दौरान परिस्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया. आखिर में बात नहीं बनी तो बारात बिना निकाह और बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई. पुलिस के मुताबिक अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है.

Follow Us