भैया की साली पर आया दिल… मगर लव स्टोरी में विलेन थी भाभी, कुल्हाड़ी से काटकर देवर ने ले ली जान

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक देवर ने अपनी भाभी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी. आरोपी अजीत पटेल अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था, जिसका पूनम पटेल विरोध करती थी. इसी बात पर हुए विवाद में अजीत ने भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला और उनका पैर भी अलग कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

बनारस में भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

उत्तर प्रदेश में भगवान शिव की नगरी काशी में एक हैरान और दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने अपनी ही भाभी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक इस वारदात की वजह बेहद शर्मनाक है. फिलहाल सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. घटना बनारस के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के लच्छापुर गांव की है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान यहां रहने वाले युवक अजीत पटेल के रूप में हुई है. आरोपी के अपनी भाभी की बहन के साथ अवैध संबंध थे. दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन यह रिश्ता ना तो अजीत पटेल की भाभी को पसंद था और ना ही उसके मायके वालों को. आरोपी को लगता था कि उसके रिश्ते में विलेन उसकी भाभी ही है. इसी बात पर शनिवार को आरोपी की अपनी भाभी के साथ कहासुनी हुई और इसी दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी से काटकर उसकी हत्या कर दी.

ऐसे बढ़ा विवाद

जानकारी के मुताबिक लच्छापुर गांव में रहने वाले सुजीत पटेल रेलवे में नौकरी करते हैं. वहीं घर पर उनकी 32 वर्षीय पत्नी पूनम पटेल और देवर अजीत पटेल रहते थे. शनिवार की सुबह वह पूनम अपने घर में ही थी, इसी दौरान अजीत अपने रिश्ते की बात उनसे करने लगा. देखते ही देखते दोनों में बहस होने लगी और विवाद इतना बढ़ गया कि अजीत पटेल ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा कर पूनम के ऊपर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए.

काट डाला दाहिना पैर

इस हमले में गंभीर रूप से घायल पूनम पटेल लहूलुहान होकर गिर पड़ी. इसके बाद भी आरोपी का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ तो उसने भाभी के दाहिने पैर को उसी कुल्हाड़ी से काटकर अलग कर दिया. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन इतने में महिला की मौत हो गई. सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. इसके बाद एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की.

पत्नी का शव देखते ही बेहोश हो गए पति

खबर मिलने पर महिला के पति सुजीत भी भागकर घर पहुंचे और जैसे ही पत्नी की लाश देखी, बेहोश होकर गिर पड़े. बताया जा रहा है कि उन्हें एक छह साल का बेटा भी है. परिवार के लोग दोनों को संभालने की कोशिश कर रहे हैं. सूचना मिलने पर पूनम के मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए. फिलहाल दोनों ही परिवारों में कोहराम मचा हुआ है. उधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us