खूब कटाया चक्कर, फिर नहीं मिला इंसाफ; थाने में ही दुष्कर्म पीड़िता करने लगी आत्मदाह… मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक महिला पहलवान ने रेप मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से परेशान होकर थाने में खुद को आग लगा ली. 70% तक झुलसी पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन आरोपी को अग्रिम जमानत मिलने और पुलिस की कथित लापरवाही से हताश होकर यह कदम उठाया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पुलिस ने महिला को पहुंचाया अस्पताल

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना हुई है. यहां रविवार की देर रात शहर कोतवाली में एक 25 वर्षीय महिला रेसलर ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया. आग की लपटों से घिरी युवती चीखते चिल्लाते हुए सीधे कोतवाल के चैंबर में जा घुसी. यह देखते ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गये. पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर बड़ी मुश्किल से आग बुझाया, लेकिन इतने में समय युवती बुरी तरह झुलस चुकी थी.

आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए मेरठ के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. डॉक्टरों के मुताबिक, पीड़िता लगभग 70% तक झुलस चुकी है. इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. दरअसल पीड़िता बिजनौर के किरतपुर थान क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला रेसलर है. आरोप है कि कुछ दिन पहले सेना के एक जवान ने उसके साथ रेप किया था.

गिरफ्तारी के लिए काट रही थी चक्कर

पीड़िता ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ पुलिस में दो एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन आरोपी ने हाईकोर्ट से एंटी सेपेट्री बेल ले लिया था. इधर, पुलिस ने भी मामले में चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी थी. जबकि पीड़िता और उसकी मां आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रही थी. इसी क्रम में रविवार की दोपहर को भी पीड़िता अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची थी, लेकिन रात में करीब 11 बजे तक पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया तो युवती ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा लिया.

थाने पहुंचे अफसर

इसके बाद वह आग की लपटों से घिरी हालत में ही कोतवाल के चैंबर में घुस गई. इससे चैंबर में लगे पर्दों में आग लग गई. इस अप्रत्याशित घटना से कोतवाली में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) बिजनौर अभिषेक झा, एसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह तुरंत दल बल के सथ थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों से पूछताछ की. एसपी अभिषेक झा के मुताबिक आरोपी ने अरेस्ट स्टे ले रखा है, पुलिस ने चार्ज शीट कोर्ट में भेज दी थी, लेकिन पीड़िता आरोपी को अरेस्ट कराने के लिए दबाव बना रही थी. फिलहाल इस मामले में कोतवाल अमर सिंह राठौर को सस्पेंड कर दिया गया है.

Follow Us