भाई-भाभी और भतीजे की हत्या, नाबालिग ने क्यों उठाया खौफनाक कदम? आधी रात ट्रिपल मर्डर से दहला गोरखपुर
गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक नाबालिग ने घरेलू विवाद के चलते अपने बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी. आधी रात को हुए इस तिहरे हत्याकांड से पूरा इलाका सहम गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है. पारिवारिक कलह इस खौफनाक कदम की वजह बताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक लड़के ने घरेलू विवाद में खौफनाक कदम उठा लिया. आरोपी लड़के ने अपने बड़े भाई, भाभी और भतीजे की हत्या कर दी. इसके बाद वह फरार होने की फिराक में था. तभी हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है. यह सनसनीखेज वारदात गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र में बलुआ गांव की है. आधी रात को हुई इस ट्रिपल मर्डर की वारदात से इलाके में मातम पसर गया है.
पुलिस के मुताबिक वारदात रविवार-सोमवार की रात करीब 3 बजे की है. सोमवार की सुबह दिन निकलने से पहले हुई इस वारदात की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में मिली थी. इसमें बताया गया था कि एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या हुई है. इस खबर से महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही गोरखपुर के एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी साउथ दिनेश कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. तुरंत मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरू की गई.
भागने की फिराक में था आरोपी
पुलिस के मुताबिक बंद कमरे में तीनों शव लहुलुहान हालत में पड़े थे. मृतकों की पहचान अमित गुप्ता और उनकी पत्नी रंजना के अलावा 3 साल के बेटे रेयांश के रूप में हुई है. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी नाबालिग है और वह वारदात के बाद भागने की फिराक में था. हालांकि पुलिस ने उसे अरेस्ट करते हुए उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिया है.
भाई क्यों बना हैवान?
पुलिस ने वारदात के बाद परिजनों और पास पड़ोस के लोगों से पूछताछ की है. इस दौरान पता चला कि परिवार में कुछ दिनों से काफी तनाव की स्थिति थी. दोनों भाइयों में किसी बात को लेकर आए दिन झगड़े हो रहे थे. रविवार की रात में भी दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ था. इसी झगड़े में छोटे भाई ने आवेश में आकर इस वारदात को अंजाम दिया है. इस तिहरे हत्याकांड के बाद अब पीड़ित परिवार में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
