बड़े बेटे की मौत से दुखी पिता रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, बचाने गया छोटा बेटा; दोनों की चली गई जान

देवरिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बड़े बेटे की दुखद मौत और आर्थिक तंगी से परेशान एक पिता आत्महत्या के लिए रेलवे ट्रैक पर पहुंचे. उन्हें रोकने पहुंचा छोटा बेटा भी ट्रेन की चपेट में आ गया, और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में गहरा सदमा है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है. फादर्स डे से ठीक पहले एक पिता और उनके छोटे बेटे की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बड़े बेटे की कुछ महीने पहले हुई मौत के सदमे से पिता गहरे तनाव में थे. इस बीच वह रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए थे और उनका छोटा बेटा उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा था.

जानकारी के अनुसार, मृतक पिता का नाम श्रवण जायसवाल और बेटे का नाम राकेश था. श्रवण जायसवाल गौरी बाजार के उद्योग नगर वार्ड के रहने वाले और रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते थे. उनके बड़े बेटे का नाम श्वेतांक था, जिसका 7 मार्च को दुकान से बाइक पर घर लौटते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. अब परिवार में केवल एक बेटी बची है.

बड़े बेटे की मौत से सदमे और तनाव में थे

बताया जा रहा है कि बड़े बेटे श्वेतांक की मौत के बाद से श्रवण जायसवाल मरहने लगे थे. परिजनों के अनुसार, वह अक्सर बड़े बेटे को याद कर भावुक हो जाते थे. इस बीच शुक्रवार शाम श्रवण दुकान बंद कर छोटे बेटे के साथ राकेश के साथ घर पहुंचे. फिर दोनों पिता-पुत्र वहां से निकल गए. लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे.

दोनों ने राकेश के साथ घर से कपड़े की खरीदारी के लिए जाने की बात कहकर निकले थे. देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की. इसी दौरान पुलिस ने सूचना दी कि दोनों के शव रेलवे ट्रैक पर मिले हैं. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जानकारी के अनुसार, दोनों लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए थे.

ट्रेन के लोको पायलट ने बताई आंखों देखी

जिस ट्रेन की चपेट में आकर दोनों की मौत हुई, उसके लोको पायलट ने जो बताया वह झकझोर कर रख दिया. उनका कहना था कि एक व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर बैठा हुआ था. दूसरा युवक (उनका बेटा) उसे हटाने और समझाने की कोशिश कर रहा था. लोको पायलट लगातार हॉर्न देता रहा, लेकिन बावजूद दोनों ट्रैक से नहीं हट सके और उनकी मौत हो गई.

Follow Us