‘योग गुरु कम, एक्टर ज्यादा हैं’… बाबा रामदेव पर करण भूषण सिंह का तंज, प्रोडक्ट को बताया मिलावटी

अपने पिता बृजभूषण सिंह के बाद अब बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने भी बाबा रामदेव और उनके प्रोडक्ट्स पर तंज कसा है. उन्होंने बाबा रामदेव को 'योग गुरु कम, एक्टर ज्यादा' बताया और कहा कि बाबा जी सबगुण संपन्न हैं. यह विवाद कंगना रनौत पर रामदेव के बयान से शुरू हुआ था.

करण भूषण सिंह ने बाबा रामदेव को घेरा Image Credit:

कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने योग गुरु बाबा रामदेव पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव ‘योग गुरु कम, एक्टर ज्यादा लगते हैं.’ इतना ही नहीं, करण भूषण सिंह ने बाबा रामदेव के प्रोडक्ट को लेकर भी सवाल खड़े किए और दावा किया कि वह खुद उनके किसी भी उत्पाद का इस्तेमाल नहीं करते, लोगों को भी नहीं करना चाहिए.

बीजेपी सांसद ने कहा कि कोई बड़े नेताओं से पूछ लीजिएगा कि उनका सामान इस्तेमाल करते हैं? साथ ही चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह अपने घर में रामदेव के किसी उत्पाद के साथ सेल्फी लेकर पोस्ट करें और बताएं कि वे पेस्ट, दवा या घी में से क्या इस्तेमाल करते हैं. इसके बाद ही वह मानेंगे कि बड़े लोग भी इन उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं.

बाबा जी सबगुण संपन्न हैं- करण भूषण सिंह

बाबा रामदेव की गतिविधियों पर तंज कसते हुए करण भूषण सिंह ने कहा कि वह योग गुरु हैं, लेकिन उनकी कई वीडियो सामने आती रहती हैं, जिनमें वह अलग-अलग तरह की गतिविधियां करते नजर आते हैं. सांसद ने कहा कि रामदेव कभी कुश्ती करते दिखते हैं तो कभी करतब करते हैं और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के साथ भी नजर आते हैं.

इसी संदर्भ में उन्होंने बाबा रामदेव को ‘एक्टर’ बताते हुए कहा कि वह ‘सबगुण संपन्न’ हैं और उन्हें पता है कि कब, कैसे और किसके साथ क्या करना है. करण भूषण सिंह का बाबा रामदेव पर यह तीखा बयान, उनके पिता पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के कटाक्ष के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि बाबा रामदेव के प्रोडक्ट्स से कैंसर फैल रहा है.

पिता बृजभूषण सिहं भी लगा चुके हैं आरोप

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी बाबा रामदेव के उत्पादों को लेकर बयान दे चुके हैं. वह बलिया के खनवर में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने कहा था कि बाबा रामदेव के उत्पाद मिलावट हैं. रामदेव के उत्पादों और मिलावट के कारण देश में बीमारियां और कैंसर फैल रहा है. लाखों लोग मर रहे हैं.

उन्होंने रामदेव के पुराने आंदोलन को लेकर भी तंज कसा था. उनका कहना था कि अगर रामदेव को आंदोलन करना है तो इस बार मजबूती से करें और अपने मुद्दे पर टिके रहें. साथ ही लोगों से भी बाबा रामदेव के मिलावटी खाद्य पदार्थों से सावधान रहने और अपने परिवार को भी इससे बचाने की अपील की थी.

कंगना पर विवादित बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल, ये पूरा विवाद बाबा रामदेव के एक टीवी चैनल पर हिमाचल के मंडी से बीजेपी सांसद और एक्ट्रैस कंगना रनौत के ऊपर विवादित बयान से शुरू हुआ था. बाबा रामदेव ने कंगना के Zen-G छात्रों को ‘गटर जेनरेशन’ कहने पर आोलचना की. उन्होंने कहा, ‘उनका बचपन कैसा रहा, जवानी कैसी रही, पहले के कारनामे कैसे रहे… मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता’.

वहीं, इसके तुरंत बाद कंगना रनौत ने बाबा रामदेव की इस निजी टिप्पणी पर कड़ा रूख अपनाया. उन्होंने इंस्टा पर लिखा, ‘बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखो. कम से कम मुझे कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे और धोखाधड़ी वाले मेडिकल दावों के लिए फटकार नहीं लगी. मुझे चरित्र का पाठ मत पढ़ाओ. मेरा चरित्र आपसे बहुत बेहतर है.’

Follow Us