किसान नेता दिग्विजय भाटी पर कसा शिकंजा, गुंडा एक्ट के बाद अब 6 महीने के लिए जिला बदर

भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) के अध्यक्ष दिग्विजय भाटी को छह महीने के लिए जिला बदर किया गया है. अमरोहा प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जिले में दिखने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. दिग्विजय भाटी के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा और धमकी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं.

BKU अध्यक्ष दिग्विजय भाटी 6 माह के लिए जिला बदर Image Credit:

अमरोहा प्रशासन ने भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय भाटी को जिला बदर कर दिया है. उन्हें 6 महीने तक के लिए जिला बदर किया गया है. जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि के दौरान यदि वह अमरोहा की सीमा में प्रवेश करते पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किसान नेता दिग्विजय भाटी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. इन्हीं मामलों को आधार बनाते हुए पुलिस ने संबंधित अधिनियम के तहत जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी. रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने उन्हें छह माह के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है.

हाईवे पर स्टंटबाजी, गुंडा एक्ट समेत कई मुकदमे

अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि दिग्विजय भाटी के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी समेत कई मुकदमे हैं. पुलिस का यह भी कहना है कि पूर्व में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें भाटी सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ हाईवे पर स्टंटबाजी करते दिखाई दिए थे.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस घटना के बाद, करीब तीन माह पहले दिग्विजय भाटी और उनके समर्थकों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी. इसके अलावा, अमरोहा के सैद नगली थाना क्षेत्र में दुष्कर्म पीड़िता के परिवार को मुकदमा वापस लेने के लिए धमकाने और दबाव बनाने के आरोप में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.

भाटी अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय

इस कार्रवाई को लेकर दिग्विजय भाटी या भारतीय किसान यूनियन (बीआर अंबेडकर) की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. भारतीय किसान यूनियन अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है. इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर दिग्विजय भाटी खाद की किल्लत, कृषि संकट, और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ मुखर रहे हैं.

Follow Us