कोर्ट से बरी होने के दूसरे ही दिन अचानक से वृंदावन क्यों पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह?

महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के एक दिन बाद पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह वृंदावन पहुंचे. उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया और गुरु रितेश्वर आनंद महाराज से मुलाकात की. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि न्यायपालिका ने सम्मान के साथ उनके खिलाफ लगे आरोपों को खारिज किया है.

वृंदावन पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह

महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के एक दिन बाद पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह मंगलवार को वृंदावन पहुंचे. यहां उन्होंने प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान का आशीर्वाद लिया. अदालत से राहत मिलने के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक धार्मिक दौरा माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक हलकों की भी नजर बनी हुई है।

मंदिर पहुंचने पर बृजभूषण शरण सिंह ने विधिवत पूजा-अर्चना की. फिर उन्होंने गुरु रितेश्वर आनंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. मीडिया से बातचीत में बृजभूषण सिंह ने कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि न्यायपालिका ने सम्मान के साथ उनके खिलाफ लगे सभी आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा, ‘मैं पहले भी गुरुदेव भगवान के दर्शन करने आया था और अब जजमेंट होने के बाद भी दर्शन करने आया हूं.’

अदालत से मिली बड़ी राहत

सोमवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न के मामले में बृजभूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को आरोपों से बरी कर दिया था. यह मामला पिछले तीन सालों से देश की सबसे चर्चित कानूनी और राजनीतिक बहसों में शामिल रहा. अदालत के फैसले के बाद दोनों आरोपियों को राहत मिली. फैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि यदि वह दोषी साबित होते तो सबसे कठोर सजा स्वीकार करने को तैयार थे.

वृंदावन में दर्शन के बाद क्या बोले?

वृंदावन में दर्शन के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि जीवन में कठिन समय आता है, लेकिन यदि व्यक्ति सच के साथ खड़ा रहता है तो अंततः न्याय मिलता है. उन्होंने इसे भगवान की कृपा और न्यायपालिका पर अपने विश्वास का परिणाम बताया. उन्होंने समर्थकों से संयम बनाए रखने की अपील भी की और कहा कि अब वह सामान्य जीवन और सार्वजनिक गतिविधियों पर ध्यान देंगे.

समर्थकों में उत्साह

अदालत के फैसले के बाद से ही बृजभूषण शरण सिंह के समर्थकों में उत्साह का माहौल है. फैसले वाले दिन उनके आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे थे. फूल-मालाओं और नारों के बीच उनका स्वागत किया गया था. मंगलवार को वृंदावन यात्रा के दौरान भी कई समर्थक उनके साथ दिखाई दिए. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अदालत से राहत मिलने के बाद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो सकते हैं.

पहलवानों ने फैसले को चुनौती देने के दिए संकेत

हालांकि अदालत के फैसले के बाद मामला पूरी तरह समाप्त होता नहीं दिख रहा है. महिला पहलवानों और आंदोलन से जुड़े खिलाड़ियों ने संकेत दिए हैं कि वे इस फैसले को उच्च अदालत में चुनौती देंगे. पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया सहित आंदोलन से जुड़े कई खिलाड़ियों ने कहा है कि उनकी कानूनी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और वे आगे भी न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लेंगे.

Follow Us