PM मोदी पर टिप्पणी करने वाली लड़की का परिवार लापता! नोएडा पुलिस बोली- उत्पीड़न की शिकायत नहीं
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पीएम मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी करने वाली नाबालिग लड़की का परिवार घर से लापता है. नोएडा पुलिस का कहना है कि परिवार के उत्पीड़न की कोई शिकायत नहीं मिली है. बताया जा रहा है कि पुलिस के Zero FIR दर्ज करने के बाद से परिवार संपर्क में नहीं है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली 15 साल की लड़की का परिवार मंगलवार को नोएडा स्थित अपने घर पर नहीं मिला. वहीं, नोएडा पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से किसी भी तरह के उत्पीड़न या परेशान किए जाने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
सेक्टर-168 स्थित हाउसिंग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड और रखरखाव कर्मचारियों के अनुसार, वायरल वीडियो सामने आने के बाद से लड़की और उसकी मां लोगों से कम मिल-जुल रही थीं. उनका कहना है कि इस दौरान दिल्ली और नोएडा पुलिस के अधिकारी भी कई बार उनके घर पहुंचे थे. हालांकि, फिलहाल परिवार कहां है, इसकी जानकारी नहीं है.
Zero FIR के बाद से लड़की का परिवार लापता
पुलिस के मुताबिक, लड़की के खिलाफ शिकायत मिलने के दिन ही नोएडा पुलिस ने शून्य प्राथमिकी (Zero FIR) दर्ज कर मामला दिल्ली पुलिस को भेज दिया था, क्योंकि कथित घटना दिल्ली में हुई थी. अधिकारी ने बताया कि इसके बाद से परिवार स्थानीय पुलिस के संपर्क में नहीं है और न ही उन्होंने कोई नई शिकायत या जानकारी साझा की है.
परिवार के उत्पीड़न की कोई शिकायत नहीं- पुलिस
परिवार के उत्पीड़न के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक्सप्रेसवे थाना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सोसाइटी के भीतर या बाहर परिवार को परेशान किए जाने संबंधी कोई शिकायत नहीं मिली है. पुलिस का कहानाहै कि परिवार फिलहाल हरियाणा के फरीदाबाद में अस्थायी रूप से रह रहा होगा, ऐसी संभावना है.
प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से कर दिया माफ
बता दें कि, कुछ दिन पहले लड़की की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपनी बेटी को माफ करने की अपील की थी. उनका कहना था कि उनकी बेटी नाबालिग है और विरोध प्रदर्शन के दौरान बहकावे में आकर उसने कथित टिप्पणी की थी. लड़की की मां ने घटना के बाद उनकी बेटी को सार्वजनिक रूप से माफ करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया था.
