‘यहां दुश्मन सामने नहीं, बल्कि गुप्त हो सकता है’, राम मंदिर के नए CEO को बृजभूषण की नसीहत

राम मंदिर ट्रस्ट के पहले फुल टाइम CEO के तौर पर पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर पूर्व बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने जितेंद्र मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अच्छा काम किया, लेकिन राम मंदिर की स्थिति अलग है. बृज भूषण ने कहा कि यहां दुश्मन सामने नहीं, बल्कि ‘गुप्त’ हो सकता है, इसलिए सावधानी बरतनी होगी.

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता बृजभूषण शरण सिंह Image Credit:

पूर्व बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के तौर पर पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया दी है. बृज भूषण ने जितेंद्र मिश्रा को बधाई देते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में उन्होंने अच्छा काम किया है, लेकिन राम मंदिर की स्थिति अलग है… यहां दुश्मन सामने नहीं, बल्कि गुप्त हो सकता है. नेपाल में बाढ़ की त्रासदी से लेकर राहुल गांधी की नागरिकता तक बृज भूषण ने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी.

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले फुल टाइम CEO के तौर पर एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर पूर्व बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने उन्हें बधाई दी. हालांकि, उन्होंने साथ ही मंदिर की व्यवस्था को लेकर सावधानी बरतने की नसीहत भी दी. बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, ‘इसके लिए हम उनको बधाई देते हैं… ऑपरेशन सिंदूर में उन्होंने काम किया है और अच्छा काम किया है… लेकिन यहां की स्थिति भिन्न है… यहां गुप्त शत्रु है, तो थोड़ा सावधानी बरतनी पड़ेगी.’

नेपाल बाढ़ पर क्या बोले?

वहीं नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भारत की मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल की ओर से धन्यवाद दिए जाने के सवाल पर बृज भूषण ने कहा कि भारत हमेशा नेपाल के सुख-दुख में साथ खड़ा रहा है. उन्होंने भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों का भी हवाला दिया. बृज भूषण ने चीन को लेकर चल रही एक कथित अफवाह का भी जिक्र किया, लेकिन खुद इसे अपुष्ट बताया.

बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, ‘भारत हमेशा नेपाल के हर सुख और दुःख में खड़ा रहा है… भारतीय लोग वहां पर रहते हैं, हमारी मिली-जुली संस्कृति है और हर स्थिति में भारत ने हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहने का काम किया है. चाइना क्या करता है… एक अफवाह तो ये भी उड़ी है कि ये जो पानी छोड़ा गया, उसमें भी षड्यंत्र है… हम इसकी पुष्टि नहीं करते, लेकिन अफवाह तो ये है कि उसमें चाइना का हाथ है, लेकिन भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा.’

राहुल गांधी की नागरिकता पर क्या कहा?

राहुल गांधी की ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ी याचिका खारिज होने के सवाल पर बृज भूषण शरण सिंह ने इसे कोर्ट का फैसला बताते हुए कोई सीधा राजनीतिक कटाक्ष करने से इनकार किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस वक्त लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और अपने दल के नेता हैं. उन्होंने कहा, ‘इस पर कोई ऐसी बात बनती नहीं है कि जिस पर कटाक्ष किया जाए. अब कोर्ट का फैसला है और वर्तमान समय में राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं, MP हैं, अपने दल के नेता हैं.’

वहीं राहुल गांधी के लाल किताब दिखाने और खुद के गदा लेकर चलने के सवाल पर बृज भूषण ने हिंदू देवी-देवताओं और हिंदू समाज को लेकर अपनी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि देश में कोई भी राजनीतिक दल या नेता हिंदू समाज और हिंदू देवी-देवताओं को नजरअंदाज करके राजनीति नहीं कर सकता. बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, ‘इस देश के अंदर कोई राजनैतिक व्यक्ति या राजनैतिक दल हिंदू समाज और हिंदू देवी-देवताओं को इग्नोर करके नहीं चल सकता है.’

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस दावे पर भी बृज भूषण ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कांग्रेस की स्थिति 2017 के मुकाबले मजबूत होने की बात कही थी. बृज भूषण ने कहा कि चुनाव से पहले हर राजनीतिक दल खुद को मजबूत बताता है, लेकिन असली तस्वीर आने वाले वक्त में साफ होगी. बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, ‘सब लोग अपने आप को मजबूत ही बताते हैं… अब आने वाले समय में देखा जाएगा.’

Follow Us