बृजभूषण बोले- दुनिया को बेवकूफ बना रहे हैं ट्रंप… राहुल गांधी कब सीरियस नेता बनेंगे?
गोंडा में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी और डोनाल्ड ट्रंप पर जोरदार हमला बोला. बृजभूषण ने ट्रंप को अमेरिका का पागल बताते हुए कहा कि वह दुनिया को गुमराह कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी को कभी गंभीर नेता बनने की नसीहत दी. उन्होंने 1990 के भारत की तुलना में आज के मजबूत भारत का जिक्र किया.
कैसरगंज से पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्ध रोकवाने के दावे को विवादित बताते हुए कहा कि ट्रंप हमेशा ऐसे बयानों से सुर्खियां बटोरते हैं. बृजभूषण ने तंज कसते हुए कहा, ‘ट्रंप ने पाकिस्तान को गोद में बिठा रखा है या पाकिस्तान उनकी गोद में बैठा है… दुनिया उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेती… आज भारत की स्थिति मजबूत है, पाकिस्तान धमकी से डराने वाला नहीं है.’
गोंडा जिले में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान खुद गिड़गिड़ाया था, अगर युद्ध 4-6 या 10 दिन और खिंचता, तो उसका नक्शा बदल जाता… ट्रंप दुनिया को बेवकूफ बनाने की कोशिश करते रहते हैं.’ युद्ध में 11 फाइटर जेट गिरने के ट्रंप के दावे पर बृजभूषण ने कहा कि फाइटर गिरना युद्ध का हिस्सा है, दोनों तरफ गिर सकते हैं, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तान भारत को झेल सकता है?
‘भारत को नहीं झेल पाएगा पाकिस्तान’
इस सवाल का खुद ही जवाब देते हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘पाकिस्तान नहीं झेल सकता… भारत की जनता आपातकाल में एकजुट हो जाती है, चाहे आलोचना हो या कुछ भी… यह हमारे देश का मिजाज है, पाकिस्तान भारत को नहीं झेल सकता.’ भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट की आलोचना करते हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वे विदेश नीति के बड़े जानकार नहीं हैं, लेकिन दुनिया में लेन-देन जरूरी है.
राहुल गांधी कब सीरियस होंगे?
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘दुनिया एक मंच हो गई है, दूरियां मिट चुकी हैं… अमेरिका अपनी वैश्विक नीति चलाता है, ऊंच-नीच हो सकती है, लेकिन समय के साथ तालमेल बनाना पड़ेगा.. राहुल गांधी कब सीरियस होंगे? कब जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएंगे? वे देश के खिलाफ बोलकर अपनी विश्वसनीयता खोते जा रहे हैं.’
‘यूजीसी से सबको नुकसान है’
यूजीसी बल के नए कानून पर सुप्रीम कोर्ट की रोक और विरोध प्रदर्शनों पर बृजभूषण ने कहा कि सवर्ण, पिछड़ा या दलित सबको नुकसान है, लेकिन राजनीति करने वाले अपशब्दों से बचें… भाषा की मर्यादा रखें… मामला सुप्रीम कोर्ट में है, समाज को बांटने की जरूरत नहीं.. फैसले का इंतजार करें. राहुल गांधी की सुल्तानपुर मानहानि केस में पेशी पर तंज कसते हुए कहा कि बोओगे तो काटोगे… किसी को हत्यारा, मौत का सौदागर कहेंगे, तो FIR होगी.