बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, डंपर में घुसी रोडवेज बस; बच्ची समेत दो की मौत, 20 घायल

बुलंदशहर में रक्षाबंधन से पहले हुए भीषण सड़क हादसे में एक रोडवेज बस डंपर से टकरा गई. खुर्जा क्षेत्र के NH-34 पर हुई इस दुर्घटना में 7 वर्षीय बच्ची सहित 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हुए. त्योहार के समय अपने घरों को लौट रहे यात्रियों के बीच मातम छा गया.

बुलंदशहर में भीषण टक्कर: रोडवेज बस डंपर से भिड़ी

बुलंदशहर में रक्षाबंधन के त्योहार से पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया. खुर्जा क्षेत्र के एनएच-34 पर बधराई कट के पास आगे चल रहे डंपर के पीछे रोडवेज बस अनियंत्रित होकर जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में 7 साल बच्ची समेत गो की मौत हो गई. जबकि करीब 20 यात्री घायल बताए गए हैं.

हादसा रात करीब 11:30 बजे का बताया जा रहा है. रोडवेज बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे और लोग रक्षाबंधन के मौके पर अपने घरों और रिश्तेदारों के यहां जाने के लिए सफर कर रहे थे. बस खुर्जा क्षेत्र के बधरई कट के पास पहुंची, तभी सामने मोड़ पर चल रहे डंपर के पीछे बस अनियंत्रित होकर जा टकराई.

7 साल की राधिका और 35 वर्षीय महिला की मौत

भीषण हादसे के बाद मौक पर चीख पुकार मच गई. हादसे में सात वर्षीय राधिका की मौत हो गई. वहीं 35 वर्षीय बबली ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 20 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए. एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस के अनुसार सभी घायलों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.

रक्षाबंधन से पहले मातम में बदलीं खुशियां

हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया. पुलिस अब हादसे की वजह की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस की गति कितनी थी, चालक की स्थिति कैसी थी और सड़क की परिस्थितियों का हादसे में क्या योगदान रहा. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us