वाराणसी: मजदूर को पेड़ से बांधा, फिर पीट-पीटकर हत्या… 5 दिन बाद खुला राज; भट्ठा मालिक समेत 2 गिरफ्तार

वाराणसी में चोरी के शक में एक मजदूर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. भट्ठा मालिक और उसके साथी ने मजदूर को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई. बाद में शव खेत में छोड़ दिया गया. घटना के पांच दिन बाद पिटाई का वीडियो सामने आने पर दोनों गिरफ्तार हुए.

भट्ठा मालिक ने वाराणसी मजदूर को पीटकर मारा

वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में एक मजदूर की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के पांच दिन बाद पिटाई का वीडियो और फोटो सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने भट्ठे के मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

पूरा मामला वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र का है. मृतक की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई है. वह चन्दौली के धानापुर के रहने वाले थे. लेकिन पिछले एक साल से ससुराल, चोलापुर के गोसाईपुर मोहांव गांव में पत्नी सीता बनवासी के साथ साथ रहते थे और भट्ठे पर मजदूरी करते थे. 21 अगस्त को गांव में चौबेपुर रोड के किनारे खेत में उनका शव मिला था.

स्टार मार्का भट्ठे का मालिक, उसका दोस्त गिरफ्तार

पत्नी सीता बनवासी ने बताया कि पति रामजनम कादीपुर कलां स्थित स्टार मार्का भट्ठे पर काम करते थे. लेकिन जून में भट्ठा बंद हो गया था. इसके बाद वह पत्नी के साथ अपने मायके बड़कीबारी में रहने लगे थे. बाद में आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण रामजनम चौबेपुर में ही दूसरे सरजू मार्का ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करने लगा था.

पुलिस ने 21 अगस्त को शव मिलने के बाद परिजनों से शिनाख्त कराई थी, लेकिन शुरुआत में मौत की वजह स्पष्ट नहीं थी. बीते दिन मजदूर की पिटाई का फोटो और वीडियो सामने आया तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस ने देर रात दबिश देकर स्टार मार्का भट्ठे के मालिक अजय सिंह, निवासी शिवदशा और विशाल सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार किया.

20 अगस्त की शाम भट्ठे पर गया था रामजनम- पत्नी

पत्नी सीता बनवासी ने बताया कि 20 अगस्त की शाम रामजनम अजय सिंह के स्टार मार्का ईंट-भट्ठे पर गया था. यह आरोप है कि वहां भट्ठा मालिक अजय सिंह और उसके साथी विशाल सिंह ने उसे चोरी के शक में पकड़ लिया. दोनों ने रामजनम को पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा. बूरी तरह पिटाई से रामजनम बेसुध हो गया था.

बताया जा रहा है पिटाई से बाद जब रामजनम बेसुध हो गया तो आरोपी उसे उसकी ससुराल पहुंचाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई. आरोप है कि इसके बाद शव को धान के खेत में छोड़कर दोनों वहां से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही वारदात की असली वजह की जांच में जुटी है.

Follow Us