बुलंदशहर के कोर्ट में पेड़ से बरसे नोट, जल्दी-जल्दी बटोरने लगे लोग; हैरान कर देगी वजह

बुलंदशहर कचहरी में एक वकील के दो लाख रुपये से भरे बैग को बंदर छीनकर पेड़ पर चढ़ गया. उसने बैग खोलकर नोटों को नीचे बरसाना शुरू कर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई. लोग जल्दी-जल्दी नोट बटोरने लगे, वहीं कुछ ने वीडियो बना लिया जो अब वायरल है. इस घटना में वकील के 8000 रुपये गायब हो गए.

बुलंदशहर में बंदर ने पेड़ से बरसाए नोट

उत्तर प्रदेश के औरैया, प्रयागराज और मुरादाबाद के बाद अब बुलंदशहर की कचहरी में भी पेड़ से नोट बरसे हैं. यहां भी एक बंदर नोटों का बैग लेकर पेड़ पर चढ़ गया और ऊपर से नोट बरसाने लगा. पेड़ पर से गिरते नोटों को देखकर लोग जल्दी जल्दी बीनने लगे. वहीं कुछ लोग इस घटना का वीडियो बनाने लगे. अब यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना शनिवार दोपहर की है.

जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर कचहरी में एक वकील स्टांप खरीदने के लिए बैग में दो लाख रुपये लेकर पहुंचे थे. उन्हें एक जमीन का बैनामा कराना था. अभी वह कचहरी में घुसे ही थे कि उनके बैग पर एक छोटे से बंदर की नजर पड़ गई. वह धीरे से आया और झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीन लिया और पेड़ पर चढ़ गया. यह देखकर वकील रविंद्र कुमार के तो होश ही उड़ गए.

पेड़ पर बैठकर उड़ाए नोट

वकील रविंद्र कुमार ने अपना बैग पाने के लिए खूब कोशिशें की, लेकिन बंदर पेड़ पर एकदम ऊपर चढ़ गया. फिर कुछ देर रूककर बंदर ने बैग को खोलकर कोई खाने की चीज ढूंढने की कोशिश की. इसके लिए बैग में रखे नोटों के बंडल को निकालकर वह ऊपर से ही उड़ाने लगा. ऐसे में वकील रविंद्र कुमार और उनके साथियों ने बड़ी मुश्किल से सारे नोट बटोर लिए. हालांकि बाद में जब नोटों की गिनती हुई तो उनमें से ₹8000 के नोट कम मिले.

इससे पहले भी हो चुकी है कई घटनाएं

उत्तर प्रदेश के विभिन्न अदालतों में इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं. मुरादाबाद में तो एक बंदर बाइक की डिग्गी खोलकर नोटों के बंडल निकाल लिए थे. इसी प्रकार औरैया, प्रयागराज, अलीगढ़ समेत अन्य अदालतों में भी बंदरों ने नोटों से भरा बैग छीन लिया था और पेड़ पर चढ़कर उड़ा दिया था. फिलहाल इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया में खूब हो रही है.

रिपोर्ट: सुमित शर्मा, बुलंंदशहर

Follow Us