जीशान-गुलफाम से असद तक… 4 महीने में 6 एनकाउंटर, अपराधियों को ऐसे अंजाम तक पहुंचाई पुलिस
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ के निर्देशन में पुलिस एक्शन में है. पिछले चार महीनों में पुलिस ने छह एनकाउंटर किए हैं, जिसमें बदमाश जीशान-गुलफाम सहित कई खूंखार अपराधी ढेर हुए हैं. खोड़ा कॉलोनी में दो दिन पहले सूर्या की हत्या करने वाले असद को भी पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है. यह पुलिस की 'जैसे को तैसा' नीति का परिणाम माना जा रहा है.
गाजियाबाद पुलिस ने खोड़ा कॉलोनी में बकरीद के दिन 17 साल के लड़के सूर्या को बुलाकर काट डालने वाले बदमाश असद का फुल एनकाउंटर किया है. इसी के साथ गाजियाबाद पुलिस सुर्खियों में आ गई है. ऐसा महज 4 महीने में 6 फुल एनकाउंटर की वजह से हुआ है. दरअसल गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ के निर्देशन में गाजियाबाद पुलिस फुल एक्शन में है. यहां पुलिस ने बदमाशों को जैसे को तैसा नीति के तहत जवाब देने लगी है.
बता दें कि 28 मई को जगह जगह बकरीद का जश्न मनाया जा रहा था. गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में भी कुछ ऐसा ही माहौल था. समुदाय विशेष के युवक असद ने इस मौके पर अपने पुराने दोस्त सूर्या को इसी जश्न के बहाने बुलाया और चाकू से काटकर बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी. सूर्या के परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने 31 मई की रात इंदिरापुरम इलाके में असद को घेर लिया और आमने सामने की फायरिंग में उसे मार गिराया है.
इसी महीने ढेर हुए 3 बदमाश
असद ही नहीं, गाजियाबाद पुलिस की गोली से इसी महीने कुल 3 बदमाश ढेर हुए हैं. इनमें कैशवैन लूटकांड के आरोपी भी शामिल हैं. 6 मई को दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस में पर हुए कैश लूटकांड में बदमाशों ने 27 लाख रुपयों से भरी एटीएम कैश वैन लूट लिए थे. पुलिस ने इन बदमाशों को वेबसिटी इलाके में घेरा और वहां भी आमने सामने की फायरिंग में पुलिस ने दो बदमाशों को मार गिराया था. इन बदमाशों की पहचान जुबेर और समीर के रूप में हुई थी.
अप्रैल में हुआ रेपिस्ट का एनकाउंटर
गाजियाबाद पुलिस ने टीला मोड़ इलाके में मासूम बच्ची को टॉफी का लालच देकर उसकी रेप के बाद हत्या करने वाले आरोपी का 19 अप्रैल 2026 को एनकाउंटर किया था. आरोपी जसीम उर्फ छोटू ने मासूम बच्ची को ट्रॉफी का लालच देकर बहलाया और अपने साथ सूनसान स्थान पर ले जाकर रेप किया. वहीं पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी और शव को कार के नीचे छुपाकर फरार हो गया था.
सलीम वास्तिक कांड में मारे गए सगे भाई
इससे पहले मार्च 2026 लोनी और वसुंधरा इलाके में पुलिस एनकाउंटर हुए थे. इसमें गाजियाबाद पुलिस ने सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले दो सगे भाइयों जीशान और गुलफाम को मार गिराया था. अमरोहा के रहने वाले इन बदमाशों ने 27 फरवरी को लोनी में सलीम वास्तिक की गला काटकर हत्या की कोशिश की थी. इन आरोपियों ने यह वारदात पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के इशारे पर अंजाम दिया था.
