बुलंदशहर में पेड़ से लटके मिले प्रेमी-युगल के शव, दो दिन से थे लापता; पुलिस को आत्महत्या की आशंका
बुलंदशहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दो दिन से लापता प्रेमी-युगल के शव नरौरा क्षेत्र में पेड़ से लटके मिले. युवक के खिलाफ नाबालिग प्रेमिका को भगाने का मुकदमा दर्ज था. पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है. फोरेंसिक जांच के अनुसार, दोनों शव करीब दो दिन पुराने हैं.
बुलंदशहर के थाना नरौरा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक प्रेमी-युगल के शव पेड़ से लटके मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतकों में थाना डिबाई निवासी एक युवक और उसकी नाबालिग प्रेमिका शामिल हैं. दोनों पिछले दो दिनों से लापता थे. पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर उनकी तलाश में जुटी हुई थी.
जानकारी के अनुसार, थाना डिबाई क्षेत्र के रहने वाले कपिल कुमार ने 26 मई को थाने में तहरीर दी थी. आरोप था कि गगन नाम का एक युवक उनकी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है. पुलिस ने दोनों के शवों को पेड़ से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है.
पिलखना गांव में पेड़ से लटके मिले दोनों के शव
पीड़ित भाई की तहरीर पर पुलिस की टीमें लगातार दोनों की तलाश और बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई थी, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं मिल पा रहा था. इस बीच शुक्रवार को थाना नरौरा क्षेत्र के पिलखना गांव के पास प्रेमी-युगल के शव पेड़ से लटके मिले. घटना की सूचना आग की तरह फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने जब शवों की शिनाख्त की, तो उनकी पहचान डिबाई क्षेत्र से लापता हुए युवक गगन और उसी नाबालिग लड़की के रूप में हुई. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
दोनों शव करीब दो दिन पुराने बताए जा रहे- ASP
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस गगन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही थी. शुरुआती जांच और फोरेंसिक टीम के निरीक्षण के अनुसार, दोनों शव करीब दो दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं. ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि घर से भागने के बाद ही दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया था.
पुलिस ने दोनों के शवों को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा भर दिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. उधर दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, साथ ही पिलखना और डिबाई क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है.
रिपोर्ट- सुमित शर्मा, टीवी9 बुलंदशहर
