पहले देवर-बेटी का गला घोंटा, फिर खुद लगा ली फांसी; एकतरफा प्यार में भाभी ने उठाया खौफनाक कदम
बुलंदशहर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक महिला ने एकतरफा प्यार में अपने देवर और चार साल की बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी, फिर खुद भी फांसी लगा ली. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला अपने देवर से शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके इनकार के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक दिल दहलाने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने पहले अपने देवर की गला घोंटकर हत्या की. फिर अपनी चार साल की बच्ची को मार डाला. इसके बाद वह खुद भी पेड़ से फंदा लगाकर लटक गई. मामला बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र में नेहरूपुर गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस दौरान पुलिस की पूछताछ में महिला के पति ने इस वारदात की हैरान करने वाली वजह बताई है.
पुलिस के मुताबिक महिला की पहचान देवी सरकार (32) तथा उसकी चार साल की बेटी सावंती और देवर सरल (28) के रूप में हुई है; तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे एकतरफा प्यार की कहानी निकालकर सामने आई है. एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक इस मामले में महिला के पति से पूछताछ की जा रही है.
देवर के साथ रहना चाहती थी महिला
महिला के पति ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी उसके छोटे भाई सरल सरकार से प्यार करती थी. चूंकि सरल की अभी शादी नहीं हुई थी, इसलिए वह ब्याहकर सरल के साथ ही रहना चाहती थी. इस बात को लेकर उसके घर में आए दिन झगड़ा भी होता था. इस संबंध में उसने अपनी पत्नी के मायके वालों को सूचित कर दिया था. इसके बाद कई बार महिला को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा.
देवर ने किया इनकार तो उठाया ये कदम
महिला के पति के मुताबिक उसकी पत्नी कई बार घर से भागकर उसके भाई के पास रहने चली गई. वहीं अब वह देवर पर शादी के लिए दबाव बना रही थी. चूंकि देवर शादी से इनकार कर रहा था, इसलिए उसकी पत्नी ने उसकी हत्या कर दी और खुद फांसी लगाने से पहले उसने चार साल की बेटी को भी मार डाला. पुलिस के मुताबिक तीनों शव रेलवे लाइन के किनारे मिले हैं. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
मजदूरी करता था परिवार
पुलिस के मुताबिक महिला और उसके परिवार के लोग पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और यहां सभी पॉटरी उद्योग में मजदूरी करते थे. महिला और उनका पति अपेश्वर खुर्जा जंक्शन मार्ग स्थित अमित पॉटरी में काम करते थे. वहीं महिला का देवर एक दूसरी कंपनी में मजदूरी करता था. यह सभी नेहरूपुर में ही किराए का घर लेकर रहते थे. वारदात से पहले महिला ने अपने देवर को फोन किया था. करीब 28 मिनट तक इनकी बात हुई और महिला अपनी बेटी को लेकर देवर के पास रहने आ गई थी.
