8 साल की विधवा ने नवजात के किए 2 टुकड़े, फिर सूअर के बाड़े मे दफनाया शव; मचा हड़कंप
बुलंदशहर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 32 वर्षीय विधवा महिला ने लोक लाज के डर से अपने नवजात शिशु को सूअरबाड़े में दफना दिया. सूअरों के झुंड से शक होने पर बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिला. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने गर्भधारण और नवजात को दफनाने की बात स्वीकार की है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां नरसेना थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर की बाल्मीकि बस्ती में एक सूअर के बाड़े नवजात बच्चे का शव मिला है. इस शव को बच्चे की मां ने दफन किया था. रविवार को शव मिलते ही हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मजिस्ट्रेट और स्याना सीओ रामकरण सिंह की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया गया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक इसी गांव में रहने वाली 32 वर्षीय महिला के पति की 8 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद उसका गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध हो गया और इससे वह प्रेग्नेंट हो गई. एक जुलाई की रात करीब 2 बजे महिला ने घर पर ही बेटे को जन्म दिया, लेकिन लोक लाज की वजह से उसने करीब तीन से चार बजे के बीच नवजात को घर से 300 मीटर दूर जंगल में सूअर बाड़े में जाकर दफना दिया.
सूअरों के झुंड जमा होने से हुआ शक
अगले दिन सुबह ही सूअरों का झुंड एक गड्ढे में जमा होने लगा. यह देखकर लोगों को शक हुआ और पास जाकर देखा तो एक बोरी में बंद बच्चे का आधा खाया हुआ शव मिट्टी में दबा था. पड़ोस में रहने वाली आरोपी महिला की जेठानी ने बताया कि उसने प्रसव वाले दिन गांव में डिलीवरी करने वाली एक महिला को घर में आते जाते देखा था. जेठानी ने ही बताया कि महिला ने नवजात को जिंदा ही दफना कर दिया था. वहीं आरोपी महिला ने बताया कि बच्चा मृत पैदा हुआ था.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की है. इसमें महिला ने स्वीकार कर लिया है कि वह गर्भवती थी और लोकलाज की वजह से बच्चे को दफन कर दिया. उधर आरोपी महिला की जेठानी ने अपनी देवरानी के खिलाफ नरसेना थाने में शिकायत दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. स्याना सीओ रामकरण सिंह के मुताबिक फॉरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच कराई जा रही है.
रिपोर्ट: सुमित शर्मा, बुलंदशहर
