साढ़े 5 साल का अव्युक्त, 1 मिनट 46 सेकेंड में कर दिया ऐसा काम; गिनीज बुक में दर्ज हो गया नाम

नोएडा के साढ़े पांच वर्षीय अव्युक्त सिंह ने अपनी असाधारण याददाश्त और विलक्षण ज्ञान से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है. उन्होंने केवल 1 मिनट 46 सेकंड में विभिन्न डायनासोरों की सटीक पहचान कर उनके वैज्ञानिक नाम बताए. यह अव्युक्त का छठां विश्व रिकॉर्ड है, जो उनकी अद्भुत प्रतिभा को दर्शाता है. इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल नोएडा, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन हुआ है.

लिटिल चैंप अव्युक्त

प्रतिभा ना तो उम्र की मोहताज होती है और ना ही किसी बहाने की. उसे तो मौका मिलना चाहिए. कुछ ऐसा ही हुआ है कि नोएडा के सेक्टर 17 में रहने वाले साढ़े पांच साल के अव्युक्त सिंह के साथ. अपनी असाधारण याददाश्त और विलक्षण ज्ञान के दम पर अव्युक्त ने महज एक मिनट 46 सेकंड में ऐसा काम कर दिया है कि उसका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया. अव्युक्त की इस ऐतिहासिक सफलता से न सिर्फ नोएडा और उत्तर प्रदेश, बल्कि दुनिया में पूरे देश का नाम रोशन हुआ है.

अव्युक्त सिंह ने यह नया विश्व रिकॉर्ड अपनी अद्भुत मेमोरी और तीव्र बुद्धि के बल पर बनाया है. जानकारी के मुताबिक 8 फरवरी 2026 को आयोजित आधिकारिक प्रयास में अव्युक्त ने महज 1 मिनट और 46 सेकेंड के भीतर स्क्रीन पर आने वाले अलग-अलग डायनासोरों की सटीक पहचान की थी. यही नहीं, उनके कठिन वैज्ञानिक नाम (Scientific Names) भी बिना हिचक और बिना देरी किए बताए थे.

ध्वस्त किया वैश्विक रिकॉर्ड

अब तक 41 डायनासोरों की पहचान करने के विश्व रिकॉर्ड पहले से दर्ज था, जिसे अव्युक्त ने ध्वस्त कर दिया है. इसी के साथ एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. 23 जून 2026 को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने आधिकारिक रूप से इस ऐतिहासिक उपलब्धि की पुष्टि करते हुए अव्युक्त के नाम का प्रमाण पत्र जारी किया. इसके बाद नोएडा में जश्न का माहौल है. लोग इस बच्चे के प्रतिभा को सलाम कर रहे हैं.

पहले से दर्ज हैं 6 विश्व रिकॉर्ड

बता दें कि अव्युक्त सिंह के लिए गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने का यह कोई पहला अनुभव नहीं है. इस पहले अव्युक्त अपनी छोटी उम्र में ही अपनी याददाश्त के दम पर पांच रिकॉर्ड दर्ज करा चुके है. यह उनका छठां (6th) विश्व रिकॉर्ड है. अव्युक्त की मां निधि शर्मा के मुताबिक अव्युक्त को बचपन से ही नई चीजों को सीखने, समझने और उन्हें लंबे समय तक याद रखने की गजब की क्षमता रही है.

Follow Us