हनुमान मंदिर में पढ़ी नमाज, वायरल हो गया वीडियो; 3 लोगों पर FIR
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हनुमान मंदिर परिसर में नमाज़ अदा करने का एक वीडियो तेज़ी से वायरल हुआ है. इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन लोगों - असर मोहम्मद, नज़र मोहम्मद और राजकुमार - के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने और उपासना स्थल को अपवित्र करने के आरोप में FIR दर्ज की है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में तीन लोग हनुमान मंदिर में नमाज पढ़ते नजर आ रहे हैं. मामला बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव ओलिना का है. सूचना पर हरकत में आई पुलिस तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक आरोपी राजमिस्त्री हैं. वह मंदिर के पास ही एक मकान का निर्माण करने के लिए गए हुए थे.
पुलिस के मुताबिक ओलिना गांव में रहने वाले राजकुमार के मकान का निर्माण चल रहा था. इसके लिए पड़ोसी गांव जहरा के राजमिस्त्री बुलाए गए थे. दोपहर में लंच के समय मजदूर तो खाना खाने के लिए अपने घर चले गए. वहीं राज मिस्त्री असर मोहम्मद निर्माणाधीन मकान के सामने बने हनुमान मंदिर परिसर में चला गया. बताया जाता है कि इस दौरान हल्की बूंदाबांदी होने लगी. ऐसे में राजकुमार के कहने पर वह हनुमान मंदिर परिसर में चला गया और वहीं बैठकर नमाज पढ़ ली. इस दौरान उसकासाथी नजर मोहम्मद भी वहां खड़ा था.
किसी ने बना लिया वीडियो
असर मोहम्मद वहां नमाज पढ़ ही रहा था कि गांव के किसी व्यक्ति की नजर पड़ गई और उसने अपने मोबाइल ने इसका वीडियो बना लिया. थोड़ी देर बाद उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल होने लगा. इसे देखकर गांव के लोग आक्रोशित हो गए. सूचना मिलने पर औरंगाबाद थाना प्रभारी असलम भी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने जांच पड़ताल के बाद असर मोहम्मद को हिरासत में लिया और थाने आ गए.
दर्ज किया एफआईआर
जांच अधिकारी अभिषेक तेवतिया के मुताबिक पुलिस की जांच में सामने आया है कि एक वर्ग के धर्म का अपमान करने के उद्देश्य से उपासना के स्थान को अपवित्र किया गया है. आरोपी की हरकत से हिंदू धर्म के अपमान के साथ उनकी भावनाओं का भी आहत पहुंचाई गई है. पुलिस ने आरोपी असर मोहम्मद, नजर मोहम्मद और राजकुमार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इसी क्रम में आरोपी असर का चालान कर जेल भेज दिया गया है.
रिपोर्ट: सुमित शर्मा, बुलंदशहर
