बुलंदशहर में एक घर से उठीं तीन अर्थियां, केक लगाने पर बर्थडे बॉय ने गोलियों से भून डाला; हड़कंप

बुलंदशहर में एक जन्मदिन पार्टी में चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद हो गया.इस दौरान अचानक से बर्थडे बॉय जीतू सैनी ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाजपा सभासद के संजय सैनी भाई मनीष, अमरदीप और भतीजे आकाश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. तीनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक वे दम तोड़ चुके थे.

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर

बुलंदशहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के खुर्जा कोतवाली नगर क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी पर फायरिंग के चलते 3 लोगों की मौत हो गई. तीनों मृतक भाजपा सभासद के वार्ड नंबर- 24 के भाजपा सभासद संजय सैनी के परिवार के हैं. मृतक मनीष भाजपा सभासद के भाई है. वहीं, मृतक आकाश उनका भतीजा और अमरदीप चचेरा भाई है.

केक लगाने को लेकर हुआ था विवाद

बर्थडे पार्टी में फायरिंग के चलते तीन लोगों की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. डीआईजी कलानिधि नैथानी ने तुरंत कई टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक खुर्जा क्षेत्र के RJS फिटनेस में जीतू सैनी, जो बसपा का नगर अध्यक्ष रह चुका है वह अपना बर्थडे मना रहा था.पार्टी के दौरान उसका मनीष से केक लगाने को लेकर विवाद हो गया.

साथियों के साथ मिलकर जीतू सैनी ने मार दी गोली

विवाद ने बढ़ते-बढ़ते हिंसक रुप अख्तियार कर लिया. फिर अचानक से जीतू ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाजपा सभासद संजय सैनी के भाई मनीष, अमरदीप और भतीजे आकाश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. फायरिंग में तीनों युवकों के सिर में कई-कई गोलियां लगीं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया.

इलाके में तनाव , भारी पुलिस फोर्स तैनात

वारदात के बाद से इलाके में तनाव है. इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है. एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर के आदेश पर मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है, जिसकी कमान आईपीएस अंतरिक्ष जैन को सौंपी गई है. उधर मृतकों के परिवार वाले प्रशासन से आरोपियों के घर और फैक्ट्रियों पर बुलडोजर चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि उनके परिवार के सदस्यों को प्लानिंग के तहत बुलाकर मार दिया गया है. उन्हें हमें खून के बदले खून चाहिए.

एक साथ उठी तीन अर्थी तो रो पड़े सब

बता दें कि खुर्जा में जब एक परिवार के तीन लोगों की अर्थी उठी तो सबकी आंखें नम हो गई. अमरदीप, मनीष और आकाश की चिताओं को एक साथ मुखाग्नि दी गई. मनीष को उसके भतीजे रोहित ने मुखाग्नि दी. जबकि वंशु ने अपने भाई और भतीजे अमरदीप को मुखाग्नि दी. एक साथ तीन चिताओं को जलते देखकर हर आंख से आंसू बहने लगे.अंतिम संस्कार के दौरान 2 हजार से ज्यादा लोग श्मशान घाट पर मौजूद रहे.

Follow Us