चढ़ावा विवाद के बाद पहली बार ट्रस्ट अध्यक्ष से मिले चंपत राय, अयोध्या में बढ़ीं चर्चाएं
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण और महासचिव पद से इस्तीफे के बाद चंपत राय एक्टिव हुए हैं. उन्होंने बार सार्वजनिक रूप से ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात की. अयोध्या में इस भेंट से नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. चंपत राय चातुर्मास के तहत प्राचीन मठों का दौरा कर साधु-संतों का आशीर्वाद ले रहे हैं.
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने चढ़ावा प्रकरण के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सक्रियता दिखाते हुए शनिवार को ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात की. महासचिव पद से हटने के बाद यह उनकी पहली औपचारिक भेंट मानी जा रही है, जिससे अयोध्या के धार्मिक और सामाजिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
जानकारी के अनुसार, चंपत राय इन दिनों चातुर्मास का पालन कर रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने साधु-संतों और धर्माचार्यों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेने का अभियान शुरू किया है. इसकी शुरुआत ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से भेंट के साथ हुई.
चंपत राय ने शुरू किया संतों से आशीर्वाद अभियान
चंपत राय ने इसके बाद अयोध्या के कई प्राचीन मठों और मंदिरों का भी दौरा किया, जहां उन्होंने महंतों, संतों और धर्माचार्यों से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया. मुलाकातों के दौरान धार्मिक विषयों, चातुर्मास की परंपरा और रामनगरी के आध्यात्मिक वातावरण पर चर्चा होने की बात सामने आई है.
राजनीतिक और धार्मिक जानकार इस सक्रियता को महत्वपूर्ण मान रहे हैं. उनका कहना है कि चढ़ावा प्रकरण और महासचिव पद से इस्तीफे के बाद लंबे समय तक सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रहे चंपत राय का इस तरह फिर से सक्रिय होना कई संकेत देता है. हालांकि, इन मुलाकातों पर ट्रस्ट ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
नई SIT ने चंपत राय समेत 200 लोगों को भेजा नोटिस
राम मंदिर के दान पात्र से कथित चढ़ावा घोटाला सबसे पहले जून के पहले हफ्ते में सामने आया था, जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यह मुद्दा उठाया था. इसके बाद जून के अंत तक हेराफेरी के आरोप में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं, विवाद के तूल पकड़ने पर 26 जून को ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था.
वहीं, सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गठित नई SIT ने बीते दिन मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव सहित मंदिर से जुड़े 200 से अधिक लोगों को नोटिस भेजा है. SIT की अध्यक्षता लखनऊ रेंज की आईजी किरण एस. कर रही हैं. टीम में अयोध्या रेंज के डीआईजी सोमेन बर्मा और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी शामिल हैं.
