राहुल गांधी के ‘छात्र संवाद’ से पहले भिड़े कांग्रेसी, मंच पर ही कर बैठे धक्का-मुक्की
प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले कांग्रेसी नेताओं में मंच पर ही धक्का-मुक्की हो गई. इसको लेकर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कड़ी नाराजगी जताई है. यह घटना राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हुई. इस कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर संवाद करने वाले हैं.
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रयागराज में प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम से पहले ही पार्टी के नेताओं में टकराव हो गया है. मंच पर चढ़ने के लिए पार्टी के नेता आपस में धक्का मुक्की करने लगे. दरअसल, राहुल गांधी 8 अगस्त् को प्रयागराज आने वाले हैं. वह यहां केपी ग्राउंड में एक लाख से अधिक छात्रों के साथ संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं.
रविवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रयागराज पहुंचे थे. दोनों नेताओं ने यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की और कार्यक्रम की रणनीति पर विचार विमर्श किया. इसी दौरान पार्टी के नेताओं में मंच पर चढ़ने को लेकर टकराव हो गया. देखते ही देखते हाथापाई तक की नौबत आ गई. इसको लेकर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कड़ी नाराजगी जताई है.
इन मुद्दों पर बात करेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों के मुताबिक 8 अगस्त को राहुल गांधी प्रयागराज में पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर छात्रों के साथ संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में प्रयागराज समेत आसपास के जिलों से डेढ़ लाख से अधिक छात्रों के जुटने का दावा किया गया है. यह जानकारी रविवार को हुई बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने दी. उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार पर शिक्षा, रोजगार और आर्थिक नीतियों को लेकर तीखा हमला बोला.
शिक्षा महंगी करने की साजिश
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश में एक साजिश के तहत शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है. उच्च शिक्षा आम परिवारों की पहुंच से बाहर हो गई है. उनका दावा था कि मेडिकल, इंजीनियरिंग और लॉ जैसी पढ़ाई पर करोड़ों रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं. इसकी वजह से देश की बहुसंख्यक आबादी के लिए उनके बच्चों की उच्च शिक्षा पहुंच से ही बाहर हो गई है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं से हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं किया गया.
पप्पू यादव प्रकरण पर भी बोले गौतम
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी. इस दौरान वाराणसी में सांसद पप्पू यादव के खिलाफ मुकदमे दर्ज होने पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी. एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार विपक्ष के खिलाफ जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन विपक्ष इससे डरने वाला नहीं.
