शादी से पहले ही मां बनी युवती, ब्लीडिंग की वजह से हो गई मौत; थाने पहुंचे परिजन
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक बिन ब्याही युवती की डिलीवरी के बाद ब्लीडिंग से मौत हो गई. परिजनों को उसकी प्रेग्नेंसी की जानकारी नहीं थी. अब परिवार ने निरपुड़ा गांव के अश्वनी नामक युवक पर युवती को गर्भवती करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के बागपत में एक बिन ब्याही युवती ने बेटी को जन्म दिया है. ब्लीडिंग होने पर युवती को परिजन अस्पताल लेकर आए थे. वहीं, डॉक्टरों ने डिलीवरी की जानकारी दी तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई. डिलीवरी के दौरान क्षमता से अधिक ब्लीडिंग होने की वजह से युवती की हालत और खराब हो गई. डॉक्टरों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन अगले ही दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद युवती के घर में कोहराम मच गया है. परिजनों ने इस संबंध में बागपत के ही निरपुड़ा गांव में रहने वाले अश्वनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है. आरोप लगाया है कि अश्वनी ने ही युवती को प्रेग्नेंट किया था. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने बताया कि युवती को पथरी की शिकायत थी. इसकी वजह से उसके पेट में दर्द होता रहता था. शनिवार को भी उसके पेट में दर्द हुआ तो उसने पथरी का दर्द समझकर घर में रखी दवा खा ली थी.
घर के बाहर हुई डिलीवरी
युवती को देर रात फिर से दर्द होने लगा तो उसे गांव के ही एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया. जहां उसे इंजेक्शन लगाया गया. इसके बाद परिजन उसे लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन घर में आने से पहले ही युवती ने एक बच्ची को जन्म दे दिया. यह देखकर परिजनों के होश उड़ गए. परिजनों ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं था कि युवती प्रेग्नेंट है. बच्ची के जन्म के बाद युवती को ब्लीडिंग होने लगी. ऐसे में तत्काल उसे महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
परिजनों ने लगाए आरोप
परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है. आरोप लगाया कि पिछले साल युवती अपनी बड़ी बहन के घर गई थी. वहां उसकी एक युवक से जान पहचान हो गई. वह युवक बाद में युवती को बागपत स्थित अपनी बुआ के घर ले गया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चहल के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है.युवती की मौत के बाद उसकी बच्ची को परिजन संभाल रहे हैं.
