परिवार के बाहर जाते ही घर में घुस गया चचेरा भाई, मानसिक रूप से अस्वस्थ बहन के साथ की दरिंदगी
चंदौली में मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ उसके ही चचेरे भाई ने दरिंदगी को अंजाम दिया. पीड़िता के साथ जब यह घटना हुई तो परिवार का कोई सदस्य घर पर नहीं था. सभी किसी काम के सिलसिले से बाहर गए हुए थे.
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ 21 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
घर पर अकेली थी पीड़िता
पीड़िता के साथ जब यह घटना हुई तो परिवार का कोई सदस्य घर पर नहीं था. सभी किसी काम के सिलसिले से बाहर गए थे. इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया. पीड़िता की मां को जब इसकी जानकारी हुई तो वह बदहवास हालत में पुलिस स्टेशन पर शिकायत देने पहुंची.
रिश्ते में चचेरा भाई लगता है आरोपी
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अस्पताल में काम करने गई थी, जबकि उनके पति मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर थे. घर पर उनकी बेटी अकेली थी. आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते में चचेरे भाई लगने वाला युवक घर में घुस गया और युवती के साथ दुष्कर्म किया.
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने अलीनगर थाने में तहरीर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अलीनगर प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी
आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है आरोपी के खिलाप सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है.
(चंदौली से विवेक कुमार रंटू की रिपोर्ट)
