बाप बना हैवान, बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला, बचाने आई पत्नी पर भी किया हमला

फिरोजाबाद में परिवारिक विवाद के चलते एक बाप ने अपनी ही बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला. बचाने आई पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से वार किया. हमला इतना भयानक था कि बेटी मुस्कान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.वहीं, हमले में घायल आरोपी की पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

फिरोजाबाद में बाप ने बेटी को कुल्हाड़ी से काट डाला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

फिरोजाबाद के थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र स्थित नीलकंठ कॉलोनी में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक व्यक्ति पर अपनी ही बेटी की धारदार हथियार से हत्या करने और पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.

बातचीत के दौरान ही कर दिया हमला

नीलकंठ कॉलोनी निवासी राकेश राठौर का किसी बात को लेकर परिवार के भीतर विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान उसने अपनी बेटी मुस्कान पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया. हमला इतना गंभीर था कि मुस्कान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

बचाने आई पत्नी पर भी किया वार

जब मुस्कान की मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी पिता ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. चिकित्सकों ने घायल महिला की स्थिति को गंभीर देखते हुए, उसे आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. अधिकारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

आरोपी पिता ने पूछताछ जारी

पुलिस ने आरोपी पिता राकेश राठौर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. आरोपी पिता को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.

Follow Us