भरोसेमंद नहीं गूगल मैप्स! पहले बताया गलत रास्ता, फिर नाले में कुदाया; घंटों गाड़ी में फंसा रहा परिवार
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में गूगल मैप्स की गलत दिशा-निर्देशों के कारण एक परिवार की कार नाले में गिर गई. दादरी से शादी में मेरठ जा रहे परिवार को घंटों तक गंदगी और बदबू के बीच फंसे रहना पड़ा, क्योंकि गाड़ी के दरवाजे लॉक हो गए थे. डायल 112 पर सूचना के बाद पुलिस और दमकल टीम ने क्रेन की मदद से परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला. यह घटना एक बार फिर गूगल मैप्स की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती है.
गूगल मैप्स की वजह से एक बार फिर एक गाड़ी नाले में फंस गई. स्थिति ऐसी बन गई कि कई घंटे तक इस गाड़ी में सवार परिवार के लोग इस गर्मी और नाले की बदबू के बीच फंसे रहे. घटना उत्तर प्रदेश में हापुड़ की है. बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने परिवार को रेस्क्यू किया. इसके बाद कार को नाले में से बाहर निकाला गया. ग्रेटर नोएडा में दादरी का रहने वाला यह परिवार मेरठ के किठौर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था.
बताया जा रहा है कि रास्ता देखने के लिए ड्राइवर ने गूगल मैप पर लोकेशन लगाई और सफर शुरू कर दिया. कुछ दूर आगे जाने पर गूगल मैप गाड़ी को गलत रास्ते पर ले गया. इसका अभास होने पर ड्राइवर ने सही रास्ता देखने की कोशिश की, लेकिन इतने में गाड़ी एक खुले नाले में आकर फंस गई. इनकी गाड़ी करीब 1 घंटे तक उसी गंदे नाले में फंसी रही. इस दौरान गाड़ी में सवार परिवार के लोग चीखते चिल्लाते रहे. 1 घंटे घंटे बाद जब उन्हें मदद नहीं मिली तो डायल 112 को फोन किया.
क्रेन से निकाली गई गाड़ी
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इस टीम ने काफी प्रयास किया, लेकिन गाड़ी नहीं निकल पायी तो क्रेन मंगाकर गाड़ी को टो किया गया. कार में सवार साहिल ने बताया कि उन्हें दादरी से मेरठ के किठोर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होना था. वह अपने में दो युवक, एक महिला और बच्चे को लेकर घर से चले थे. चूंकि रास्ता पता नहीं था, इसलिए उन्होंने रास्ता देखने के लिए गूगल मैप लगाया था.
नाले में लॉक हो गए दरवाजे
साहिल के मुताबिक गूगल मैप ने पहले रास्ता भटकाया और फिर गाड़ी को नाले में कूदा दिया. कार कई फुट गहरे नाले में गिरी तो उसके चारों दरवाजे लॉक हो गए. इस हादसे से गाड़ी में सवार परिवार के सभी लोग घबरा गए. फिर डायल-112 पर सूचना देकर उन लोगों ने मदद मांगी. सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई हे.
