प्रधानी लड़ने वाला था बीबी का BF, विरोध में आया पति तो उठा लिया खौफनाक कदम; इस हाल में मिला शव
उत्तर प्रदेश के चंदौली में हुए ब्लाइंड मर्डर का खुलासा हो गया है. प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक शख्स ने अपनी प्रेमिका के पति की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी थी. मृतक अपनी पत्नी और आरोपी के प्रेम प्रसंग का विरोध करता था, जिससे आरोपी ने इसे अपनी प्रतिष्ठा का विषय बना लिया और बदला लेने की खौफनाक साजिश रची. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश में चंदौली के चकिया थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. इस वारदात में घर के बाहर चारपायी पर सो रहे एक युवक की गला काटकर हत्या को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने हत्यारोपी को अरेस्ट करते हुए जरूरी पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और अपमान के बदले की पूरी कहानी है. यह वारदात चकिया थाना क्षेत्र के के जोगियाकला गांव में 5 जून की रात का है.
पुलिस ने इस मामले में प्रधानी के चुनाव की तैयारी कर रहे गांव के ही युवक सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर लिया है. चकिया थाना पुलिस ने बताया कि 5 और 6 जून की मध्यरात्रि जोगियाकला गांव में रहने वाला बेचई उर्फ बृजेश यादव (34) अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था. इसी दौरान उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई थी.
सामने आई प्रेम प्रसंग की कहानी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो मृतक बेचई की पत्नी का प्रेम प्रसंग सामने आया. पुलिस ने इस एंगल से मामले की जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि इस महिला का गांव के ही सुनील यादव उर्फ कवि के साथ कई साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर लड़ाई झगड़े होते थे. अभी कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद यह महिला अपने बच्चों को लेकर मायके चली गई थी.
आरोपी ने बनाया प्रतिष्ठा का विषय
इधर, बेचई ने अपनी पत्नी और सुनील के संबंधों का ना केवल खुलकर विरोध करने लगा, बल्कि लोगों को भी इसकी जानकारी देने लगा. चूंकि सुनील प्रधानी के चुनाव की तैयारी कर रहा था, इसलिए उसने इस मुद्दे को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया. इसी क्रम में उसने बेचई को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर डाली. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन ही वह अहरौरा के एक लोहार से कुल्हाड़ी खरीदकर लाया और देर रात चुपके से जाकर बेचई की हत्या कर दी.
रिपोर्ट: विवेक पांडेय, चंदौली
